मुख्यमंत्री निवास में करवा माता की हुई पूजा, कथा का वाचन
भोपाल। करवा चौथ का व्रत वैसे तो पूरे देश में रखा जाता है। प्रदेश में भी महिलाओं ने व्रत रखकर पति की लंबी आयु की कामना की। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान के साथ मुख्यमंत्री निवास पर करवा चौथ का पर्व मनाया। साधना सिंह ने चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अघ्र्य देकर पूजा की और परंपरा अनुसार छलनी के माध्यम से चंद्रमा और पति शिवराज सिंह चौहान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने साधना सिंह को जल ग्रहण करवाकर व्रत खुलवाया। इसके पूर्व पति-पत्नी ने विधि-विधान से निवास पर करवा माता की पूजा की। करवा माता की कथा का वाचन हुआ। करवा चौथ का व्रत पति की लंबी और कष्ट रहित पूर्ण आयु की प्राप्ति के लिए रखा जाता है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि करवा चौथ पर्व परस्पर प्रेम, सम्मान और सामंजस्य का प्रतीक है। करवा चौथ के शुभ अवसर पर सभी अपने जीवनसाथी व परिवार के अन्य सदस्यों को साथ लेकर चलने का संकल्प लें। यह प्रयास आपके साथ नई पीढ़ी को भी सकारात्मक वातावरण प्रदान कर आनंदमय जीवन का आधार बनेगा।
चांद उदय व पति का दीदार करने के बाद पत्नियों ने तोड़ा व्रत
जबलपुर। पुलिस लाइन कॉलोनी में करवा चौथ मनाया गया। पुलिस की ड्यूटी के साथ पुलिसवालों ने परिवार का फर्ज भी निभाया। पत्नियों ने अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखा। चांद उदय व पति का दीदार करने के बाद पत्नियों ने व्रत तोड़ा।