Homeमध्यप्रदेशनया महापौर मिलेगा.. कांग्रेस तैयार, भाजपा में खामोशी

नया महापौर मिलेगा.. कांग्रेस तैयार, भाजपा में खामोशी

जबलपुर। करीब डेढ़-दो साल से नगर सरकार का सिंहासन खाली है। जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है। शहर में विकास ढूंढे से नहीं मिल रहा है। ऐसे में राहत भरी खबर यही है कि चुनाव होंगे और जुलाई में जनता को उनके पार्षद और नए महापौर को सत्तारूढ़ देखने का अवसर मिलेगा। बहरहाल अभी कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। जितने भी नगर निगम में उनमें प्रत्याशी तय हो चुके हैं। जबलपुर से कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू का नाम लगभग फाइनल है। सूत्र बताते हैं कि नेताओं में भी आम सहमति है, जिससे कांग्रेस पूरी दम-खम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं भाजपा में अभी असमंजस की स्थिति है। कौन होगा महापौर का प्रत्याशी, यह अभी भविष्य के गर्त में है। वैसे भी भाजपा अक्सर चौंकाते रहती है। ऐसे में संभव है कि कोई नया नाम सामने आए और सब चौंक जाएं। हालांकि उम्मीदवार जो भी होगा, उसे जिताने के लिए पूरी पार्टी जी-जान से जुट जाएगी।
जनता ने विधानसभा चुनाव में दिया गच्चा, लोकसभा में दिया साथ
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि जबलपुर भाजपा का गढ़ है। यहां से लगातार चौथी बार सांसद राकेश सिंह चुने गए हैं। विधानसभा में भी अमूमन जनता भाजपा का साथ देती है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को गच्चा दे दिया। शहर की 4 विधानसभाओं में से सिर्फ एक भाजपा के खाते में आई। कम से तीन विधानसभाओं में तो पुराने चेहरों के कारण भाजपा हारी। बहरहाल लोकसभा में बंपर जीत मिली, जिससे यह साफ हो गया कि जनता भाजपा के साथ है। पिछले नगर निगम चुनाव में भी भाजपा को ही जीत मिली थी। ऐसे में कांग्रेस के पास एक मौका है कि वह जनता को भाजपा की नाकामियां बताए और वह क्या करेगी, इसे भी स्पष्ट करे। वरना भाजपा के कुशल संगठन, एकता और जमीनी कार्यकर्ताओं के कारण कांग्रेस को फिर से सत्ता से बाहर रहना पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments