Homeमध्यप्रदेशरामनवमी पर जुलूस निकालते समय उपद्रवियों ने अचानक किया पथराव, गोलियां चलाईं

रामनवमी पर जुलूस निकालते समय उपद्रवियों ने अचानक किया पथराव, गोलियां चलाईं

खरगोन। रामनवमी के दिन खरगोन में हिंसा भडक़ उठी। दंगाइयों ने जुलूस निकाले जाने पर पथराव किया। एसपी को गोली मारी, तो सांसद पर पत्थरों की बौछार कर दी। शहर में बिगड़े हालात का जायजा लेने पहुंचे सांसद गजेंद्रसिंह पटेल सोमवार रात दंगा प्रभावित क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सर्राफा बाजार के आगे सांसद व उनके साथ मौजूद लोगों पर भी पथराव हुआ। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोडक़र सांसद को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। शहर के तीन-चार क्षेत्रों में पथराव व आगजनी की घटनाएं हुई हैं।
पथराव की घटनाओं में खरगोन एसपी सिद्धार्थ चौधरी व टीआई बनवारी मंडलोई सहित करीब 8 से 19 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। डीआईजी तिलक सिंह ने एसपी के पैर में गोली लगने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वह खतरे के बाहर हैं। रातभर चली कार्रवाई में पुलिस ने 77 लोगों को गिरफ्तार किया है। खरगोन के 25 स्थानों पर आगजनी हुई है, जिसमें 27 लोग घायल हुए हैं।
ऐसे किया उत्पात
रविवार को श्रीराम नवमी के अवसर पर तालाब चौक से शोभायात्रा में श्रीराम मंदिर के सामने झांकियां और डीजे पहुंच रहे थे। डीजे शुरू होने के कुछ देर बाद ही अचानक शोभायात्रा पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दंगाइयों ने शहर के कई क्षेत्रों में जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने फायर वाहनों पर भी पथराव कर दिया।
जिन्होंने पत्थर बरसाए, उनके घरों को पत्थरों का ढेर बना देंगे
गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा-खरगोन के गुनहगारों से सख्ती से निबटा जाएगा। वहां जिन घरों से पत्थर आए हैं, उन घरों को पत्थर का ढेर बनाएंगे। मप्र में कानून का राज है और सांप्रदायिक सौहार्द को किसी कीमत पर बिगडऩे नहीं दिया जाएगा। प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने कहा कि खरगोन में असामाजिक तत्वों द्वारा शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। मैंने आईजी और कलेक्टर से फोन पर बात कर उपद्रवियों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पत्थरबाजों और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, हम कानून हाथ में लेने वालों को छोड़ेंगे नहीं।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश में रामनवमी पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। दंगाई छोड़े नहीं जायेंगे और उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश की धरती में दंगाइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। सीएम ने कहा कि दंगाई चिन्हित कर लिए गए हैं। दंगाइयों को सिर्फ जेल भेजना नहीं है। जिन्होंने पत्थर चलाए हैं, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है , उनको दंडित तो करेंगे ही साथ में सार्वजनिक या निजी संपत्ति के नुकसान की वसूली भी दंगाइयों से करेंगे। मध्यप्रदेश में हमने लोक एवं निजी संपत्ति नुकसान की वसूली का अधिनियम पास किया है। नुकसान का आकलन कर वसूली भी करेंगे और कठोरतम दंड देंगे। हम किसी दंगाई को छोड़ेंगे नहीं।
खरगोन में दंगाइयों पर बुलडोजर.. जिन घरों से चले पत्थर, उसे बदल दिया पत्थर के ढेर में
खरगोन में रविवार की धार्मिक उन्माद की घटना के बाद प्रसाशन एक्शन मोड़ में आ गया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा था कि जिन घरों से पत्थर चले हैं, उन्हेें पत्थर के ढेर में बदल देंगे। सोमवार को हुआ भी वही और दंगाइयों के मकानों को तोडऩे की करवाई शुरू हुई। शहर के संवेदनशील छोटी मोहन टाकीज क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में मकानों को तोड़ा गया है। रविवार को रामनवमी पर शोभायात्रा निकलने के दौरान सांप्रदायिक विवाद हो गया था जिसमे दंगाइयों ने पथराव, आगजनी की घटना की थी। रात 3 बजे तक अलग-अलग हिस्सों में आगजनी हुई थी। साथ ही गोली लगने से खरगोन एसपी सिद्धार्थ चौधरी और 10 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। गृहमंत्री ने वीडियो कॉल कर उनका हालचाल जाना।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments