Homeजबलपुरसरकार किसानों की आय दोगुना करने में जुटी.. यहां लुटेरे खुद का...

सरकार किसानों की आय दोगुना करने में जुटी.. यहां लुटेरे खुद का घर भरने में जुटे

जबलपुर। केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य है कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी की जाए। इसके लिए तरह-तरह की योजनाएं और प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन सरकार के प्रयासों को जिम्मेदार ही पलीता लगाने में जुटे हैं। किसानों से उपज खरीदी में हर बार, हर साल भ्रष्टाचार होता है। लेकिन फिर भी इसे रोकने के समुचित प्रबंध नदारद हैं। ताजा मामला मूंग खरीदी केंद्र में भ्रष्टाचार का सामने आया है। जबलपुर के सिहोरा गोरहा स्थित भुवनपति वेयरहाउस में मूंग खरीदी में झोलझोल हुआ है। यहां पर तलाड सोसाइटी द्वारा सरकारी मूंग खरीदी का माल रखा हुआ था, जिसमें सरकार किसानों से एमएसपी में 7196 रूपये में मूंग खरीदी करती है, लेकिन आरोप हैं कि खरीदी प्रभारी राधे यादव इतना भ्रष्ट है कि उसने शासन को लंबा चूना लगा दिया है। तौल की अचानक जांच करने में कभी बोरी 37 किलों निकलती है तो कभी 40-42 किलो निकली है। इसको मीडिया के कैमरे में कैद किया गया और मझौली तहसीलदार ने पंचनामा बनाया। पंचनामा में भी इस बात का जि़क्र किया गया है कि मूंग खरीदी में जिम्मेदार प्रभारी राधे यादव और भुवनपति वेयरहाउस ने शासन को तगड़ा चूना लगाया है। अधिकारियों ने विभाग को निर्देश किया है इनके पूरे स्टॉक की जांच और वजन किया जाए।
भ्रष्टाचार का रोग पुराना है
भारतीय किसान यूनियन के संभागाध्यक्ष संतोष राय का कहना है कि उन्होंने राधे यादव के भ्रष्टाचार की शिकायत पहले भी की थी। इससे पहले भी राधे यादव ने एक पत्रकार के साथ मारपीट की थी। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने उसे खरीदी केंद्र में यथावत रखा और आज नतीजा सबके सामने है। उन्होंने साफ कहा कि मंंूग खरीदी में जिस तरह भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया, उसके लिए सिर्फ और सिर्फ खरीदी केंद्र प्रभारी राधे यादव ही जिम्मेदार है।
50 किलो में इतनी चोरी
सिहोरा के गोरहा स्थित भुवनपति वेयरहाउस में प्रशासन ने छापा मारा और बोरियों की तौल की तो प्रशासन की आंखें भी चौंधिया गईं। तहसीलदार प्रदीप मिश्रा ने पंचनामा बनाया है। बताया गया कि मूंग की सरकारी तौल 50 किलो होनी थी, लेकिन यहां 37 किलो से लेकर 41, 42 किलो ही मूंग निकली। मतलब साफ है कि खरीदी में किसानों के साथ ही शासन को भी चूना लगाया गया है। प्रशासन को लंबे समय से किसानों की शिकायतें लेकिन पुख़्ता सबूत जुटाने में प्रशासन लगा हुआ था। किसानों को डराने धमकाने के साथ जमकर कमीशनखोरी की सूचना भी स्थानीय थाने में दी गई थी।
इस साल हुई बंपर खरीदी
शिवराज सरकार एक तरफ किसानारें के लिए इतनी मेहनत करके योजनाएं लाती है और अबकी बार एमपी में मूंग खरीदी बंपर हुई है जिससे किसानो के चेहरे पर खुशी नजऱ तो आई लेकिन सरकार और किसानों के बीच में दलाल का काम करने वालों ने अन्नदाता की मेहनत पर पानी फेर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments