Homeमध्यप्रदेशआस्था का केंद्र है शाह नाला स्थित ऐतिहासिक वरदेश्वर महादेव मंदिर

आस्था का केंद्र है शाह नाला स्थित ऐतिहासिक वरदेश्वर महादेव मंदिर

जबलपुर। बरगी हिल्स शाह नाला स्थित वरदेश्वर महादेव मंदिर ऐतिहासिक है। इस मंदिर में दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं। हिट वॉइस की टीम ने इस वर्षों पुराने मंदिर की स्थिति, महत्व एवं स्वरूप जानने की पहल की। बताया गया कि इस प्राचीन मंदिर में सुविधाओं की कमी के कारण भक्तगण ज्यादा नहीं आ पाते थे। हालांकि हाल के कुछ वर्षों में इसका जीर्णोद्धार हुआ। एक अच्छा वातावरण बना तो भक्तों का आना भी शुरू हो गया। महाशिवरात्रि, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी और सावन मास में यहां आयोजन होने लगे हैं। सावन मास में यहां भक्तों का तांता लगा रहता है। भगवान शिव के अभिषेक के साथ विधि-विधान से पूजन भी किया जाता है। ऐतिहासिक वरदेश्वर महादेव मंदिर में राम जी, हनुमान जी का मंदिर है और यहां रोजाना रामायण पाठ भी होता है। मंदिर प्रांगण में ही भगवान शनि भी विद्यमान हैं। परिसर में एक गोशाला भी है, जहां गायों का लालन-पालन किया जाता है।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि प्रत्येक सोमवार व शनिवार को भक्त जनों का आना-जाना अधिक रहता है। मंदिर में विधि-विधान से दो बार आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि मंदिर के कायाकल्प में वरिष्ठ भाजपा नेता पंडित राममूर्ति मिश्रा का सहयोग समय-समय पर मिलता रहता है। मंदिर के पुजारी सहित यहां मौजूद लोग काफी उत्साहित दिखे और भविष्य में वरदेश्वर महादेव मंदिर को और अधिक अच्छा स्वरूप देने की बात कही।
नशेडिय़ों के कारण रूका विकास
मंदिर में एक बाबा के साथ कुछ गंजेड़ी बैठकर गांजा पिया करते थे। ये लोग नहीं चाहते थे कि मंदिर का विकास हो और भक्त यहां आएं। भक्तों के आने से उनके व्यसन में व्यवधान हो रहा था। इसलिए उन्होंने यहां के विकास कार्यों का विरोध किया और आरोप लगाया कि यहां कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर पुलिस से भी शिकायत हुई। हालांकि बस्ती के लोग धर्म के साथ थे और उन्होंने यहां चल रहे धार्मिक कार्यों के साथ ही मंदिर के विकास का समर्थन किया। यही वजह है कि यह ऐतिहासिक मंदिर अब अपने पुराने स्वरूप में लौट रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments