नगर निगम चुनाव की बनाई रणनीति, भाजपा प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार 17 जून को भरेंगे नामांकन
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी अब चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। महापौर पद के प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार 17 जून को अपना नामांकन भरेंगे। यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी की चुनाव अभियान संबंधी बैठक में लिया गया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह भी आज ही नामांकन भरेंगे। नामांकन के बाद प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। इसके अलावा पार्षदों की टिकट भी जल्द तय होने की उम्मीद है। भाजपा-कांग्रेस ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली हैं। वहीं चुनाव में आम आदमी पार्टी की भी एंट्री हो गई है। इस तरह मुकाबला तो दोतरफा होगा, लेकिन आप भी जोर लगाने का पूरा प्रयास करेगी।
लोकसभा मुख्य सचेतक व जबलपुर सासद राकेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए नामांकन, चुनाव कार्यालय, प्रचार अभियान इत्यादि विषयों पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए राकेश सिंह ने कहा प्रसन्नता की बात है कि महापौर प्रत्याशी के रूप में डॉ जामदार का चयन किया गया है और सभी 79 वार्डों, महापौर के साथ ही पार्षद प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए पार्टी का कार्यकर्ता पूरे प्रण प्राण से प्रत्येक मतदान केंद्र जीत के लिए संकल्पित है। महापौर प्रत्याशी घोषित होने के बाद यह प्रथम बैठक है जिसमे पार्टी के सभी प्रमुख नेता उपस्थित हैं और सभी मिलकर एकजुटता के साथ महापौर और पार्षदो को जीत दिलाएंगे। भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने बताया कि महापौर प्रत्याशी डॉ जामदार अपना नामांकन भरने के लिए 17 जून को प्रात: 11 बजे सिविक सेंटर में एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट जाएंगे।
ये वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में महापौर प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार, प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य पंडित राममूर्ति मिश्रा, अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव, विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, डॉ विनोद मिश्रा, पूर्व विधायक शरद जैन, अंचल सोनकर, पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले, स्वाति गोडबोले, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपांकर बैनर्जी, पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, अरविंद पाठक, नगर महामंत्री पंकज दुबे, रजनीश यादव, रत्नेश सोनकर उपस्थित थे।