अध्यात्म नगरी उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण की गवाह बनी संस्कारधानी
जबलपुर। देश के हृदय प्रांत मध्यप्रदेश के उज्जैन नगरी में देवाधिदेव महादेव महाकाल लोक का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सीएम शिवराज सिंह चौहान व राज्यपाल मंगूभाई पटेल की उपस्थिति में किया गया। इस ऐतिहासिक महाकाल लोक के लोकार्पण की खुशी व उत्साह महज उज्जैन ही नहीं अपितु संपूर्ण देश में देखने को मिली। विभिन्न माध्यमें से पूरे देश में ऐतिहासिक कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। अनेक मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान किये गये व कई स्थानों में एलईडी स्क्रीन द्वारा कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था भी की गई। संस्कारधानी जबलपुर में माँ नर्मदा के पावन तट उमाघाट में लोगों व जनप्रतिनिधियों द्वारा आस्था के साथ दीप जलाए गए व बाबा के उदघोष गूंजते रहे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उमाघाट में एक विशाल एलइडी स्क्रीन लगाई गई। घाट का नजारा किसी उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था। उमाघाट में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज़, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद पाठक, मंडल अध्यक्ष कोशल कुमार सूरी, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, शरद जैन सहित वरिष्ठ भाजपा नेता रत्नेश सोनकर, रजनीश यादव, पंकज दुबे, अश्वनी परांजपे, अंजू भार्गव, अमर मिश्रा व पार्षद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर इलैयाराजा टी, एसपी सिदार्थ बहुगुणा, एसडीएम दिव्या अवस्थी, अपर आयुक्त महेश कोरी की उपस्थिति भी रही। लोगों ने इस कार्यक्रम को श्रद्धापूर्वक देखकर स्वयं को इस पल का साक्षी बनकर गौरव महसूस किया। इसी दौरान मां नर्मदा जी की आरती हो रही थी और साथ ही श्री महाकाल लोक का लोकार्पण भी चल रहा था। कार्यक्रम की इस भव्यता व दिव्यता ने सभी को अभिभूत कर दिया।