‘महाकाल लोक’ से खुला अध्यात्म के लोक का नया गलियारा, पढ़ें क्या है खास

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जैन में ‘जय महाकाल’ के जयघोष के बीच ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर के नए परिसर ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण कर दिया। मोदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के दौरान जैसे ही रिमोट से 15 फीट ऊंचे शिवलिंग की प्रतिकृति से पर्दा हटाया, अध्यात्म के इस लोक का नया गलियारा सभी के लिए खुल गया। उज्जैन के इस कॉरिडोर के बनने के बाद महाकाल मंदिर परिसर दस गुना बड़ा हो गया है। पहले यह केवल 2 हेक्टेयर में फैला था, लेकिन अब यह 20 हेक्टेयर में है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर 5 एकड़ में है, यानी महाकाल कॉरिडोर उससे 4 गुना बड़ा है। 856 करोड़ रुपये की महाकालेश्वर मंदिर गलियारा विकास परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। पहले चरण में महाकाल लोक को 316 करोड़ रुपये में विकसित किया गया है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद महाकाल लोक 47 हेक्टेयर में फैलेगा। 946 मीटर लंबा कॉरिडोर भगवान शिव की पौराणिक कथाओं से जुड़ी मूर्तियों के साथ श्रद्धालुओं को महाकाल मंदिर के गर्भगृह की ओर ले जाता है।
महाकाल लोक गलियारा पुरानी रुद्र सागर झील के चारों और फैला हुआ है। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्र को पुनर्विकास करने की परियोजना के तहत रुद्र सागर झील को फिर से जीवित किया गया है। इस कॉरिडोर के लुभावने दृश्यों से आपकी नजर नहीं हटेगी। भगवान शिव की पौराणिक कथाओं पर भित्ति चित्र, एक चमकती झील, राजस्थान से लाई गई गुलाबी बलुआ पत्थर की मूर्तियां, टूरिस्टों के लिए बेहतरीन सुविधाएं, महाकाल लोक कॉरिडोर का यही रूप उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग तीर्थ का दर्शन बेहतर और सुगम बनाता है। कॉरिडोर के बनने से उज्जैन शहर में महाकाल के दर्शन करने आने वाले भक्तों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। अभी हर साल तीन करोड़ लोग यहां महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं। महाकवि कालिदास के महाकाव्य मेघदूत में महाकाल वन की परिकल्पना को सैकड़ों वर्षों के बाद यहां साकार किया गया है।
महाकाल लोक के लोकार्पण से पहले मोदी ने महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद वे महाकाल लोक परिसर में गए, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री को महाकाल लोक से जुड़ी जानकारियां दीं। सीएम ने वहां बने 108 पिलर और म्यूरल्स के बारे में बताया। पीएम मोदी ने अकेले गर्भगृह में प्रवेश किया, जहां पुजारियों ने उनके माथे पर चंदन का लेप लगाया। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक मुख्य पुजारी घनश्याम पुजारी और अन्य लोगों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच अनुष्ठान व पूजा की। पूजा के बाद पीएम मोदी ने 10 मिनट तक ध्यान लगाया। वह गर्भगृह के बाहर नंदी बैल के पास बैठे और लगभग पांच मिनट तक हाथ जोडक़र पूजा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकालेश्वर के नए परिसर के लोकार्पण पर कहा कि उज्जैन के क्षण-क्षण और पल-पल में इतिहास सिमटा हुआ है। यहां के कण-कण में अध्यात्म समाया हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संपूर्ण ब्रह्मांड की ऊर्जा को हमारे ऋषियों ने प्रतीक स्वरूप में उज्जैन में समाहित किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ही यह कार्य संभव हो पाया। 5 हज़ार साल पहले दुनिया के विकसित देशों में जब सभ्यता के सूर्य का उदय नहीं हुआ था, तब हमारे यहां वेदों की ऋचाएं रच दी गई थीं। एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध व शक्तिशाली भारत का निर्माण माननीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। हम सौभाग्यशाली हैं कि जो इन पलों के साक्षी हैं। उज्जैन न केवल ज्योतिषीय गणनाओं में भारत का केंद्र रहा है, बल्कि यह भारत की आत्मा का भी केंद्र रहा है।
जबलपुर से जगतगुरू राघवदेवाचार्य जी, महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरी, स्वामी गिरीशानंद, डॉ नरसिंह दास जी व पं. रामूमूर्ति मिश्रा भी पहुंचे
उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा व अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित रहे। जाने-माने सिंगर कैलाश खेर ने भी अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झालरिया मठ में आमंत्रित संतों के संत समागम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जामदार ने इस आयोजन की व्यवस्थाएं देखीं। उज्जैन में हुए इस कार्यक्रम में जबलपुर से जगतगुरू राघवदेवाचार्य जी, महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी जी महाराज, स्वामी गिरीशानंद जी महाराज, नरसिंहपीठाधीश्वर डॉ नरसिंह दास जी महाराज भी पहुंचे। ब्यूरो रिपोर्ट हिट वाइस न्यूज।

Hit Voice News Administrator
Sorry! The Author has not filled his profile.
×
Hit Voice News Administrator
Sorry! The Author has not filled his profile.
Latest Posts
  • शादी के बाद सुधर गए विराट, ड्रिंक से कर ली तौबा... रातभर जागना भी छोड़ा
  • CM शिवराज ने तय की विकास की दिशा, दिए जरूरी दिशा निर्देश
  • CG : शहीद दिवस पर थिरके कदम... SP, BSF, कांग्रेस नेताओं समेत 300 लोगों को नोटिस
  • स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन स्तर उठाने के प्रयासों पर करें फोकस
instagram default popup image round
Follow Me
502k 100k 3 month ago
Share