Homeजबलपुरबलिदान दिवस पर कहा था राजनीति नहीं होगी.. अब राजनीति करने ही...

बलिदान दिवस पर कहा था राजनीति नहीं होगी.. अब राजनीति करने ही आ रहे दिग्विजय

जबलपुर। 18 सितंबर को जबलपुर में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी दिन गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और कई मंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कुछ दिन पहले शहर के प्रवास पर आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से कहा था कि इस कार्यक्रम को लेकर कोई राजनीति नहीं होगी। वे भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जबलपुर आएंगे। लेकिन अब इसी कार्यक्रम को लेकर राजनीति गर्माने के आसार दिखाई देने लगे हैं। दरअसल दिग्विजय सिंह और आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया बलिदान दिवस पर जबलपुर आएंगे। दिग्विजय सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। बताया जा रहा है कि वे आदिवासियों की समस्याओं और पिछली दिनों हुई घटनाओं पर देश के गृहमंत्री से मिलना चाहते हैं। ऐसे में राजनीति गर्माने के आसार नजर आने लगे हैं।
कलेक्टर से गृह मंत्री से मिलने मांगा समय
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कांतिलाल भूरिया 18 सितंबर को ट्रेन से सुबह जबलपुर पहुंचेंगे। वे दोपहर करीब एक बजे माल गोदाम प्रतिमा स्थित शहीद राजा शंकर शाह व कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान दोनों कांग्रेस नेताओं ने देश के गृह मंत्री अमित शाह से जबलपुर प्रवास के दौरान आदिवासियों से संबंधित समस्याओं को लेकर मिलने की इच्छा जताई है। दोनों नेताओं ने पन्ना जिले के पीडि़त आदिवासी परिवार के साथ गृहमंत्री से मुलाकात करने का समय मांगा है। जिला कलेक्टर जबलपुर को पत्र लिखकर इसकी प्रति शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव ने भेजी है।
आदिवासी दिवस पर कमलनाथ ने दी थी श्रद्धांजलि, अब भाजपा महीने भर करेगी कार्यक्रम
प्रदेश में आदिवासियों के वोटबैंक पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर है। इसलिए दोनों पार्टियां कोई भी अवसर नहीं छोडऩा चाहतीं। विश्व आदिवासी दिवस पर जब अवकाश घोषित नहीं किया गया, तो कांग्रेस ने इसे आदिवासी विरोधी निर्णय बताया और विधानसभा परिसर में धरना भी दिया। सदन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आदिवासी दिवस पर श्रद्धांजलि तक दे डाली। उनके इस कदम की आलोचना भी हुई। अब इसी के जवाब में भाजपा एक माह तक तक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के साथ ही महीने भर तक यह कार्यक्रम चलता रहेगा और अमर शहीद जननायकों को नमन किया जाएगा। 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा के जन्म जयंती पर गौरव दिवस तक मप्र सरकार ने आयोजन करने का फैसला किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments