कभी शिवराज ने दी थी चुनौती, आज यह बदमाश दे रहा खुला चैलेंज
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ माह पहले ही माफिया, मिलावटखोरों और बदमाशों को खुली चुनौती दी थी कि सुधर जाओ.. नहीं तो जमीन में गाड़ दूंगा। प्रदेश में कानून का राज चलेगा। लेकिन लगता है कि अब यह बात पुरानी हो चुकी है। प्रदेश में आज बदमाशों को कानून का खौफ दिखाई नहीं देता। नीमच, रीवा, सीधी समेत कई जिलों में इस तरह की घटनाएं हुई हैं, जहां लोग कानून को जेब में रखते हुए खुद ही इंसाफ करते नजर आए। बहरहाल.. ये जिले तो प्रदेश की राजधानी से दूर हैं, तो हो सकता है कि यहां चूक हो जाए। लेकिन प्रदेश की राजधानी में अगर ऐसा हो तो इसे सरकार को चुनौती ही माना जाना चाहिए। प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पप्पू चटका का ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम दहशत फैलाते नजर आ रहा है। हत्या समेत कई वारदातों को अंजाम देने वाला पप्पू चटका बेखौफ अंदाज में दहशत फैला रहा है। उसे न पुलिस का डर है और न ही कानून का खौफ।
डॉन का इंतजार तो 11 मुल्कों की पुलिस कर रही है…
प्रदेश की राजधानी भोपाल में जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, डीजीपी विवेक जौहरी समेत आला अफसर निवास करते हैं। यहां खाकी से बेखौफ दहशत फैलाते हुए हिस्ट्रीशीटर पप्पू चटका का कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं। बदमाश पप्पू चटका फिल्मी स्टाइल में युवक को मार रहा है। इस दौरान डॉन फि़ल्म के गाने की धुन बज रही है.. डॉन का इंतजार तो 11 मुल्कों की पुलिस कर रही है…।
हत्या का पहले का वीडियो..
बताया जाता है कि बदमाश पप्पू चटका ने पंचशील नगर में पांच दिन पहले चाकू से गोदकर युवक की हत्या की थी। युवक की हत्या के पहले का यह वीडियो बताया जा रहा। एक वीडियो में पप्पू चटका का शागिर्द पिंटू पाइप से दन-दनादन पिटाई कर रहा है। पिटने वाला युवक उसे छोड़ देने की गुहा लगा है। लेकिन बदमाशों को उस पर कोई रहम नहीं आ रहा है। वह गालियां देते हुए युवक को पटक-पटक कर पीट रहा है। जाहिर सी बात है कि पप्पू चटका को कानून का कोई खौफ नहीं है। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते पप्पू चटका का खौफ खत्म कर उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए।