Homeमध्यप्रदेशमंत्री जी आप क्या जानो महंगाई का दर्द, 15 रूपए का भुट्टा...

मंत्री जी आप क्या जानो महंगाई का दर्द, 15 रूपए का भुट्टा भी आपके लिए महंगा

भोपाल। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिह कुलस्ते का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो सिवनी जिले के सिवनी-मंडला मार्ग पर भोमा क्षेत्र का बताया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री नागपुर से मंडला रवाना होते हुए रास्ते में भुट्टा खाने के लिए रुके थे। उनको 15 रूपये का एक भुट्टा महंगा लगा। युवक से हंसी-मजाक में वे बात करते रहे। यह वीडियो मंत्री के गनमैन ने बनाया, जिसे केंद्रीय मंत्री ने स्वदेशी से जोड़ते हुए ट्वीट कर दिया, लेकिन सोशल मीडिया में लोग उनकी खिंचाई करने से नहीं चूके।
नागपुर से लौट रहे थे मंत्री जी
केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते नागपुर से लौटते हुए मंडला जा रहे थे। तभी भोमा क्षेत्र में रास्ते में सडक़ किनारे भुट्टा बेचता लडक़ा दिखा। उनसे रहा नहीं गया तो बारिश में भुट्टे का आनंद लेने के लिए अपना काफिला रुकवा दिया। इस दौरान उनके गनमैन ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मंत्री जी ने लडक़े से पूछा कि भुट्टे कितना का एक है। लडक़े ने भुट्टे सेंकते-सेंकते 15 रुपये के हिसाब से तीनों की कीमत 45 रुपये बताई, जिससे कुलस्ते चौंक गए। वह बोले, इतना महंगा। हमारे गांव में तो मुफ्त मिलता है। इस पर लडक़े ने सफाई भी दी कि 5 रूपए की खरीदी है। इसलिए 15 में बेच रहा हूं।
यह तर्क दिया
केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भुट्टा मामले में तो खुद ही ट्वीट किया और वीडियो जारी करते हुए नसीहत भी दे डाली कि हम सभी को अपने स्थानीय किसानों और छोटे दुकानदारों से खाद्य वस्तुएं खरीदनी चाहिए। इससे उनको रोजगार मिलेगा और हमें मिलावट रहित वस्तुएं मिलेंगी।
पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं मंत्री जी
केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते इससे पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं। वे अपने संसदीय क्षेत्र के डिंडौरी में यह बयान दे चुके हैं कि हेमा मालिनी के जैसी चिकनी सडक़ तो बना दी लेकिन गांव में पानी नहीं है। इससे पहले वे यह कहकर सुर्खियों में रह चुके हैं कि चुनाव जीतने के लिए एक करोड़ खर्च किया है। इससे पहले संसद में नोट के बदले वोट कांड में उन्होंने सदन में नोटों की गड्डियां लहराई थीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments