मुख्यमंत्री ने जबलपुर-नरसिंहपुर में संतों से की मुलाकात, लिया आशीर्वाद
जबलपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार शाम को विमान से जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पहुँचे। जहां पर जनप्रतिनिधियों, नागरिकों व अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की अगवानी कर स्वागत किया। इस दौरान सांसद राकेश सिंह, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील इंदु तिवारी, पूर्व विधायक हरेन्द्र जीत सिह बब्बू, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इस कमिश्नर बी.चन्द्रशेखर, आईजी बी.एस. चौहान, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दयोदय गौशाला तीर्थ तिलवाराघाट स्थित चल चरखा केंद्र में ब्रह्मचारी दीदियों द्वारा हाथकरघा से बनाये वस्त्रों का अवलोकन किया और सराहना की। मुख्यमंत्री ने सपत्नीक दयोदय गौशाला तीर्थ पहुँचकर आचार्य विद्यासागर जी महाराज के दर्शन किये और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार को वे नरसिंहपुर भी गए जहां संत रावतपुरा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नरसिंहपुर में मीडिया से कहा कि प्रदेश के 17 जिलों में अल्पवृष्टि की स्थिति है, जो बेहद गंभीर है। सरकार स्थिति से निपटने के प्रयास कर रही है लेकिन अच्छी बारिश हो, इसके लिए दैवीय कृपा की भी आवश्यकता है।
भेड़ाघाट में लगाया पौधा
हर दिन एक पौधा लगाने के अपने संकल्प के तहत मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ सोमवार की सुबह भेड़ाघाट स्थित मध्यप्रदेश पर्यटन निगम के मोटल परिसर में चीकू और सीताफल का पौधा रोपा। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ नरसिंहपुर के जिले के राजमार्ग चौराहा में चातुर्मास कर रहे संत रावतपुरा सरकार के दर्शन व पूजन करने रवाना हुए।
कमलनाथ भी आ चुके हैं दर्शन करने
मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत सम्मान किया। हेलीपेड से मुख्यमंत्री चातुर्मास आयोजन स्थल पहुंचे और संत रावतपुरा सरकार के दर्शन कर पूजन किया और उनसे आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री केंद्रीय कृषि मंत्रालय की वीसी में भी शामिल हुए। गौरतलब है कि संत रावतपुरा सरकार के दर्शन करने पूर्व मुख्यमंत्री कलमनाथ, गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा समेत कई मंत्री आ चुके हैं।