कमलनाथ न जाने कैसे-कैसे गन लोड कर रहे हैं, कमिंग सून पर बोले वीडी शर्मा, मैं कब से देख रहा हूं, वे आते ही नहीं
जबलपुर। बूथ विस्तारक प्रशिक्षक कार्यशाला में शामिल होने जबलपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव को कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से अवरुद्ध किया है और कांग्रेस ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है। रजा मुराद को हटाने का उन्होंने समर्थन किया और कहा कि रजा मुराद ने भोपाल के लिए कुछ नहीं किया। वे अच्छे कलाकार हैं, लेकिन उन्होंने भोपाल के लिए कुछ नहीं। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के गन वाला वीडियो जारी करने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कमलनाथ न जाने कैसे-कैसे गन लोड कर रहे हैं, कमिंग सून पर कहा कि आना है तो आ जाएं। मैं जब से प्रदेश अध्यक्ष बना हूं, तब से देख रहा हूं, वे आते ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश के अंदर राजनीति में क्या गनों की जरूरत है। क्या भारत का समाज ऐसा है। ये गांधी और सुभाषचंद्र का देश है। प्रेम और भाव के साथ आइए, समाज में पहुंच कर जनता से मिलिए। वे यहां बूथ विस्तारक प्रशिक्षक कार्यशाला में शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने फूल बरसा कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अगले 50 साल तक रहे बीजेपी की सरकार यही हमारा लक्ष्य है। हम वोट परसेंटेज बढ़ाने के लिए काम करते हैं। जनता की सेवा करना ही हमारा लक्ष्य है। उप्र चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां भाजपा की प्रचंड बहुमत से यूपी में सरकार बनेगी।