रक्षा बंधन के दिन बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा करने पहुंचे गृहमंत्री
रक्षा बंधन के दिन बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा करने पहुंचे गृहमंत्री, दी राहत सामग्री
दतिया। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा रविवार को रक्षा बंधन के दिन अपनी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर दतिया पहुंचे। उन्होंने निज निवास पर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण किया। गृहमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीताम्बरा मंदिर पहुंचकर भगवती माँ बगलामुखी के दर्शन किए और भगवान बनखण्डेश्वर का जलाभिषेक किया। इसके बाद गृहमंत्री बाढ़ पीडि़त ग्राम हिनौतिया पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। स्थानीय गार्डन में पहुँचकर नर्सिंग कॉलेज एशोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल हुए व स्थानीय बृंदावन धाम धर्मशाला में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने शेरो-शायरी वाले अंदाज में बात भी की।
कोरोना-कमलनाथ ने बर्बाद कर दिए कई महीने
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना और कमलनाथ ने कई महीने बर्बाद कर दिए। उन्होंने कहा कि नाम कोरोना केरल और महाराष्ट्र में फैला हुआ है। पिछली बार भी कोरोना महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में आया था। इसलिए अब हमने सीमाएं सील की हैं। इसके कारण अब हमारी स्थिति बहुत अच्छी है। उन्होंने बताया कि रविवार को प्रदेश में 69 हजार टेस्ट हुए हैं। गृहमंत्री ने बताया कि आज कोरोना संक्रमण माईनस जीरो पॉइंट वन वन है और पॉजिटिविटी 98.6 है।
बाढ़ प्रभावितों को बांटी राहत
गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बाढ़ पीडि़त गांव हिनोतिया डंगरा कुआं का जायजा लिया और ग्रामीणों से उनका हालचाल जाना। साथ ही उन्हें राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों को उनके दु:ख सुख में शामिल रहने का आश्वासन दिया और लोगों से बात भी की। गृहमंत्री ने कहा कि बाढ़ और कोरोना हमारे यहाँ दोनों आपदाएं बाहर से आईं हैं। जहां बाढ़ शिवपुरी और श्योपुर में पानी बरसने से आई है तो कोरोना चीन के लोगों के द्वारा चमगादड़ खाने से आया है। दोनों आपदाएं बाहरी हैं।