सिटी तो स्मार्ट हो गई.. नामुराद ऑटो ही गधा निकला…!
जबलपुर। स्मार्ट सिटी बने जबलपुर को कम से कम दो-तीन साल तो हो ही गए होंगे। इन सालों में शहर की सडक़ें चकाचक हो गईं, धूल का नामोनिशान नहीं रहा और लोग भी स्मार्ट होने लगे। ऐसे में बेजुबान ऑटो व भी इलेक्ट्रिक.. उसे भी स्मार्ट हो जाना था, लेकिन ऐसा हो न सका। अब भला इसमें स्मार्ट सिटी वालों की गलती.. वे तो लाखों-करोड़ों खर्च कर रहे हैं, लेकिन ऑटो या उसके ड्राइवर को तो स्मार्ट नहीं कर सकते। ऐसे में कहें कि यह तो ऑटो चालक की बड़ी लापरवाही है। चेरीताल में स्मार्ट सिटी के खोदे गए नाले में सवारियों सहित ऑटो जा घुसा। घटना के बाद मौके पर हडक़प मच गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने नाले में घुसे ऑटो और सवारियों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि ऑटो में महिलाएं और बच्चे सवार थे। इस हादसे में बच्चे की जान जाते-जाते बची। बहरहाल इसमें स्मार्ट सिटी वालों का कोई कसूर नहीं है।
ट्रक की टक्कर से ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
जबलपुर। मंडी मदार टेकरी में ट्रक की टक्कर से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई लोग ट्रक से कुचले जा सकते थे, आसपास कई दुकानें थीं। बहरहाल बड़ा हादसा टल गया। वरना कई लोगों की जान जा सकती थी। यह तो शुक्र है कि बड़ी घटना नहीं हुई और लोग बाल-बाल बच गए।