चुनाव दंगल शुरू, भाजपा ने किया शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस भी नहीं रही पीछे
जबलपुर। महापौर पद के लिए संस्कारधानी में महाभारत शुरू हो गया है। नामांकन जमा होने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। एक तरह से पहला शक्ति प्रदर्शन हो चुका है। कांग्रेस प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू का नामांकन जमा करवाने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को आना था, लेकिन वे नहीं आ सके। ऐसे में कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ जगत बहादुर सिंह ने अपना नामांकन भरा। भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र जामदार ने भी नामांकन जमा किया। इसके बाद उनके समर्थन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने चुनावी सभा की। सिविक सेंटर में हुई सभा में केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश प्रभारी एवं जबलपुर सांसद राकेश सिंह के अलावा पूर्व विधायक अंचल सोनकर, हरेन्द्र सिंह बब्बू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राममूर्ति मिश्रा और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष अभिलाष पांडे भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शिवराज राज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि कांग्रेस आई तो विकास रूक जाएगा। सभा को प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और महापौर पद के प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस के सामने अभेद्य किला ढहाने की चुनौती
जबलपुर में 15 साल से नगर निगम पर भाजपा काबिज है। ऐसे में कांग्रेस के सामने चुनौती होगी कि वह भाजपा का किला भेदे। साथ ही भाजपा के लिए भी चुनौती होगी कि वह अपना किला बचाए रखे। जानकारों का कहना है कि जबलपुर में भाजपा की गहरी जड़ें हैं। कांगेे्रस पूरा जोर लगाए हुए है, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि उसे सत्ता मिलेगी या नहीं। दोनों पार्टियां विकास के सहारे जीत दर्ज करना चाहती हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि शहर की जनता किसे अपना रहनुमा चुनती है।