जान पर खेलकर करते हैं काम, फिर भी दो माह से नहीं मिला वेतन
जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बेलखेड़ा सहित 5 विद्युत उपकेंद्र में आउटसोर्स के लगभग 35 कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। बेलखेड़ा विद्युत उप केंद्र के अंतर्गत आने वाले केंद्र पिपरिया कलां, मेरेगांव ,कुसली, करहैया व बेलखेड़ा केंद्रों में 35 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें कोई कंप्यूटर ऑपरेटर है तो कोई बिल वितरण करता है। कई कर्मचारी लाइनमैन के साथ फील्ड पर रहते हैं जिनमें से सभी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मुंबई की क्रिस्टल कंपनी ने ठेका लिया है, जो समय पर भुगतान नहीं करती। हाल में ही 2 माह से वेतन न मिलने से कर्मचारी नाराज हैं। जबकि पूर्व में ही एक पत्र भेजा गया था। इसके बाद भी अभी तक इनकी सैलरी नहीं भेजी गई।
कर्मचारियों का यह भी कहना है कि हम ब्याज से पैसा लेकर अपना घर चला रहे हैं। ऐसा कब तक करेंगे। हड़ताल सेपूर्ण रूप से काम बंद हो गया है तथा बेलखेड़ा में सुबह से लाइट बंद है। वहीं खेतों की लाइट ना होने से पानी का संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र में आने वाले 70 गांव ब्लैकआउट हो सकते हैं। विद्युत केंद्र बेलखेड़ा में आए दिनों विद्युत कर्मियों की कमी बनी रहती है। लाइनमैन होने के बाद भी विद्युत बंद पड़ी है। कर्मचारियों का कहना है कि यह अनिश्चितकालीन हड़ताल है। वहीं कर्मचारियों को सुरक्षा के लिहाजे से ना जूते मिलते हैंख् ना हेलमेट और भी कई चीजें हैं जो कंपनी से नहीं दी जातीं जिससे आए दिन घटनाएं हो रही हैं। हाल में ही एक विद्युत कर्मी को करंट लगने से अभी भी मेडिकल कॉलेज जबलपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है, लेकिन उसे देखने कंपनी का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। साथियों का कहना है कि हम लोग चंदा करके उसका इलाज करा रहे हैं। विभाग से उसे अभी तक कोई राहत राशि नहीं दी गई। हम तब तक काम पर नहीं लौटेंगे, जब तक हमें सैलरी नहीं मिल जाती। अब देखना यह होगा कि कर्मचारी कब तक हड़ताल पर डटे रहते हैं।