कांग्रेस ने लगाया पूरा दम.. भाजपा में गहरा मंथन
भोपाल। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए मप्र में सभी तैयारियां हो गई हैं। राजनीतिक दल भी पूरी तरह तैयार हैं। पंचायत, जनपद और जिला पंचायत के नतीजों और चुनावी मुकाबले से ज्यादा निगाहें और उत्सुकता नगर निगम चुनाव के लिए है। हालांकि कांग्रेस ने ज्यादा देरी नहीं करते हुए महापौर पद के दावेदारों का ऐलान कर दिया है। इनमें तीन विधायकों को उसने महापौर की रेस में उतार दिया है। जबलपुर से जगत बहादुर सिंह अन्नू को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने भाजपा के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। चूंकि जगत बहादुर सिंह जमीनी तौर पर जुड़े नेता हैं और जनता के हक के लिए सडक़ों पर कई बार उतरे हैं। पार्षद का अनुभव और सामाजिक कार्य भी उनके पक्ष में है। अब देखना होगा कि भाजपा उनके मुकाबले किस पर दांव लगाती है। जाहिर सी बात है कि भाजपा का उम्मीदवार भी युवा ही होगा, जमीन पर काम करने वाला होगा और स्वच्छ छवि का भी होगा। जबलपुर के अलावा अन्य नगर निगम के महापौर के प्रत्याशियों को चुनना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी।
मजबूत संगठन और बिखरी पार्टी में होगा मुकाबला
मप्र में 2018 में भाजपा ने सत्ता गंवाई थी, लेकिन महज चार-पांच सीट के अंतर से। इसके बाद भाजपा ने गहरा मंथन किया, नए सिरे से रणनीति बनाई। नतीजा सत्ता में वापसी हुई और कांग्रेस फिर वनवास में चली गई। तब से लेकर अब तक भाजपा लगातार मजबूत हुई है और कांग्रेस को झटके पर झटके दिए हैं। नगरीय निकाय चुनावों को भले ही सेमीफाइनल माना जा रहा है, लेकिन भाजपा का संगठन इतना मजबूत है कि बिखरी कांग्रेस को उससे जीतना नामुमकिन तो नहीं, लेकिन बेहद मुश्किल जरूर होगा। ऐसे में बहुत कुछ दारोमदार प्रत्याशियों पर ही है। यानि कांग्रेस का प्रत्याशी मजबूत रहा और स्वच्छ छवि के साथ खुद के दम पर जिताने में सक्षम रहा तो ही जीत का लड्डू मिलेगा। वरना भाजपा कोई भी कसर नहीं छोडऩे वाली। अब देखना होगा कि आने वाले समय में क्या होता है और नतीजे क्या होते हैं।
भाजपा ने बनाई समिति
भाजपा ने जबलपुर, रीवा, शहडोल, भोपाल व नर्मदापुरम संभाग के लिए समिति बनाई है। जबलपुर के लिए ओमप्रकाश धुर्वे संयोजक, गौरीशंकर बिसेन सहसंयोजक बनाए गए हैं। इसके अलावा सदस्यों में संजय पाठक, अशोक रोहाणी, प्रभात साहू, जालम सिंह पटेल, शरद जैन, अंचल सोनकर, अजय विश्रोई शामिल हैं। पदेन सदस्यों में सांसद राकेश सिंह और केंद्रीय मंत्री फज्गन सिंह कुलस्ते शामिल हैं।
रीवा व शहडोल संभाग
दोनों संभागों के लिए राजेंद्र शुक्ला संयोजक, कांत देव सिंह सहसंयोजक बनाए गए हैं। सदस्यो ंमें शरदेंदु तिवारी, बिसाहूलाल सिंह, योगेश ताम्रकार, मनीष सिंह, मीना सिंह, गणेश सिंह व राजेश पांडे शामिल हैं।
भोपाल व नर्मदापुरम संभाग
दोनों संभागों के लिए संयोजक हेमंत खंडेलवाल, सह संयोजक रामपाल सिंह व सदस्य भगवानदास सबनानी, कमल पटेल, उदयप्रताप सिंह, रमाकांत भार्गव, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर और रामेश्वर शर्मा शामिल हैं।