बिजली बिल के बहाने भाजपा सरकार को घेर रही कांग्रेस, नजर 2023 के चुनाव पर
जबलपुर। कोरोना काल में गरीब वर्ग के बिजली बिल माफ नहीं करने को कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बना दिया है। कांग्रेस सरकार में वित्त मंत्री रहे तरूण भनोत और लखन घनघोरिया ने शिवराज सरकार को उसके वादे याद दिलाए हैं। उनसे पूछा है कि आखिर क्यों गरीबों के बिजली बिल माफ नहीं किए गए। उपभोक्ताओं के बढ़ते बिजली के बिलों को लेकर समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शक्ति भवन का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। कांग्रेसी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में कांग्रेस विधायक संजय यादव सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए।
हम जनता के लिए लड़ाई लड़ रहे और पुलिस लाठी भांज रही
बिजली के बिलों को लेकर युवक कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ेे। पुलिस के अचानक लाठीचार्ज करने कांग्रेस विधायक संजय यादव सहित कई कार्यकर्ताओं को चोट आई है। पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने इस घटना को बर्बरतापूर्ण बताया है। तरुण भनोट ने कहा कि हम जनता के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं और पुलिस लाठी भांज रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस वाटर कैनन का इस्तेमाल करे, लाठी चलाए या अब गोली चलवा दे.. हम पीछे नहीं हटेंगे। तरुण भनोत ने कहा कि कोई भी बिजली बिल नहीं देगा। आने वाले समय में जब कमलनाथ की सरकार आएगी, तब उपभोक्ताओं का पूरा बिजली का बिल माफ किया जाएगा।
किसने आदेश दिया कि सिर पर लाठी मारो
लाठीचार्ज में संजय यादव के सिर पर लाठी लगने से उन्हें गंभीर चोट आई है। संजय यादव ने कहा कि पुलिस को अगर लाठी चार्ज करना है तो शरीर पर करे। उन्हें किसने आदेश दिया है कि सिर पर लाठी मारे। विधायक संजय यादव ने लाठी चलाने वालों के खिलाफ 307 के तहत मामला दर्ज करने की बात भी कही है। वहीं प्रशासन ने लाठीचार्ज से इंकार किया है। एसडीएम का कहना है कि सिर्फ वाटर कैनन का उपयोग किया गया है। बहरहाल कई दिनों बाद जबलपुर में कांग्रेस नेता एकजुट नजर आए। बिजली बिल के मुद्दे पर जिस तरह कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया, उससे लगता तो यही है कि कांग्रेस इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बना सकती है।