देश की राजनीति की संस्कृति को बदला.. सेवा कार्यों से जुड़ें, समस्याओं के समाधान खोजें पार्टी कार्यकर्ता

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी की कामकाजी बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आगामी कार्यक्रमों का ब्यौरा प्रस्तुत किया, साथ ही प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद से देश की राजनीति की संस्कृति को तो बदला ही है, विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं के माध्यम से पार्टी और कार्यकर्ताओं की छवि में भी बदलाव किया है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक पार्टी सेवा पखवाड़े का आयोजन करने जा रही है। हमें इन सेवा कार्यों के माध्यम से विभिन्न समाजों और वर्गों से जुडऩा है, लोगों की समस्याओं का समाधान खोजना है।
सरकार के साथ मिलकर चुनौतियों का सामना करे संगठन : शिवप्रकाश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से बापू के जन्मदिन 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। लेकिन किसी का जन्मदिन मनाना उसकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के लिए नहीं होता, बल्कि इसका उद्देश्य यह है कि हमारा विचार बढ़े, संगठन बढ़े। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश और समाज के सामने जो चुनौतियां आएंगी, उनका सामना सिर्फ सरकारों के बूते की बात नहीं होगी। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए संगठन यानी कार्यकर्ताओं को भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने यह बताया कि कोई भी राजनीतिक दल अपने काम से लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकता है। हम भी पौधे लगाकर, तालाबों की सफाई करके, बेटी बचाओ और नमामि गंगे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज से जुड़ सकते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि अगर हम ऐसा करते हैं, तो इससे पार्टी का विस्तार होगा, कार्यकर्ताओं के मन में सेवाभाव जागृत होगा और समाज के प्रति परिवार भाव पैदा होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता यह विचार करें कि सरकार का उपयोग समाज कल्याण के कामों के लिए किस तरह किया जा सकता है।
बूथों को मजबूत करने के लिए टेक्नालॉजी का उपयोग करें कार्यकर्ता : मुरलीधर राव
मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से 65 में से 62 हजार बूथों को डिजिटल बनाकर प्रदेश संगठन ने देश भर में अलग पहचान बनायी है। डिजिटल बूथों का हमें टेक्नालॉजी के साथ भरपूर उपयोग करना है, ताकि हमारी मजबूती और बढ़े। उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से हम कमजोर बूथों पर अपनी कमियों को दूर कर उसे कैसे मजबूत किया जाए, इस दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि नगरीय और ग्रामीण निकाय में बडी संख्या में हमारे कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर आए हैं। आने वाले दिनों में इनके प्रशिक्षण का कार्यक्रम होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग करने की बात कही। श्री राव ने कहा कि हम आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा की दृष्टि से कमर कसकर तैयार रहें। इसके लिए अधिक से अधिक प्रवास करें। श्री राव ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के संयोजन में हरा-भरा मध्यप्रदेश अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि यह सिर्फ पौधे लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि 75 लाख युवाओं को पार्टी से जोडऩे का भी अभियान है। इसी प्रकार अनुसूचित जाति मोर्चा के संयोजन में 75 हजार सेवा बस्तियों में चलने वाला संपर्क अभियान पार्टी की लोकप्रियता बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।
सरकार के साथ मिलकर सेवा कार्यों में भाग लें कार्यकर्ता : शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी अपने स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी के जन्मदिन तक सेवा पखवाड़ा मनाने जा रही है। पार्टी कार्यकर्ता भी सरकार के साथ इन सेवा कार्यों में भाग लें। उन्होंने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 17 सितंबर से प्रदेश सरकार केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाएगी। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 26 अक्टूबर से मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस 01 नवंबर तक म.प्र.दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक, खेलकूद सहित बच्चों के लिए अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 01 नवंबर को प्रदेश का स्थापना दिवस एक जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसके अलावा सरकार प्रयोग के तौर पर दो-दो मंत्रियों के समूह बनाकर उन्हें तीन जिलों की जिम्मेदारी देगी, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों तथा प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन देखेंगे तथा विकास कार्यों पर नजर रखेंगे। श्री चौहान ने कहा कि हमारे विरोधी पार्टी की छवि को खराब करने के लिए लगातार षडयंत्र रच रहे हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से सतत जागरूक रहकर विरोधियों की गतिविधियों पर नजर रखना एवं उनके षडयंत्रों का जवाब देना होगा।
कार्यकर्ताओं के श्रम, जनहित की योजनाओं से मिलेगी ऐतिहासिक जीत: विष्णुदत्त शर्मा
बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर एवं ग्रामीण निकाय के चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। हमारा लक्ष्य 51 प्रतिशत वोट शेयर रहा है, लेकिन हमने नगर निगमों में 53 प्रतिशत, नगर पालिकाओं में 49.78 प्रतिशत और नगर परिषदों में लगभग 50 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया है। यह सब पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास, गरीब कल्याण की योजनाओं तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। श्री शर्मा ने कहा कि इसी आधार पर हम 46 नगर पालिकाओं और परिषदों के चुनाव भी ऐतिहासिक बहुमत से जीतेंगे। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि हम 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को यह सोचना होगा कि हम इस सेवा पखवाड़े को किस तरह ऐतिहासिक बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के साथ मिलकर पूरे प्रदेश को स्वाधीनता दिवस पर तिरंगामय बना दिया था, उसी तरह सेवा के इस पखवाड़े को भी सार्थक बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जिला और प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण देगी, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गुड गवर्नेंस ला सकें और जनता की सेवा कर सकें।
बैठक में रखे गए विभिन्न प्रस्ताव : प्रदेश भाजपा की कार्यकर्ता या कामकाजी बैठक के प्रथम सत्र में विभिन्न प्रस्ताव रखे गए, जिन पर उपस्थित प्रतिभागियों ने अपनी सहमति प्रदान की। प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने पिछली कार्यसमिति की बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों की पुष्टि और कार्रवाई के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव रखा। प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत ने देश-प्रदेश के दिवंगत पार्टी कार्यकर्ताओं, परिजनों के लिए शोक प्रस्ताव रखा। उपस्थिति प्रतिभागियों ने मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में अभूतपूर्व जनसमर्थन के लिए प्रदेश की जनता के प्रति आभार जताने के लिए राज्यसभा सांसद एवं महामंत्री कविता पाटीदार ने प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के समर्थन में टिप्पणी करते हुए प्रदेश शासन के मंत्री श्री भूपेंद्रसिंह ने ओबीसी वर्ग को आरक्षण से वंचित किए जाने के कांग्रेस के दुष्चक्र और उसे निष्फल किए जाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में किए गए अथक प्रयासों और संगठन के संघर्ष पर प्रकाश डाला। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेशसिंह चौधरी व चिंतामन मालवीय ने प्रस्ताव का समर्थन किया। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर प्रदेश महामंत्री श्री शरदेंदु तिवारी ने प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन सांसद श्रीमती संध्या राय एवं नागरसिंह चौहान ने किया। राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मंचासीन थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया एवं आभार प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुरसिंह चौहान ने किया।

Hit Voice News Administrator
Sorry! The Author has not filled his profile.
×
Hit Voice News Administrator
Sorry! The Author has not filled his profile.
Latest Posts
  • वास्तु शास्त्र : प्रतिदिन दीपक जलाने से दूर होती है घर से नकारात्मकता, दिशा का रखें ध्यान
instagram default popup image round
Follow Me
502k 100k 3 month ago
Share