चुनाव के आखिरी दिन भाजपा का रोड शो, कांग्रेस ने भी लगाया जोर
जबलपुर। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा और दिल्ली से सांसद व प्रसिद्ध अभिनेता मनोज तिवारी ने जबलपुर नगर निगम के महापौर प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार व पार्षद प्रत्यशियों के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने बिरसा मुंडा चौक में जनसभा को सम्बोधित किया। वही कांग्रेस प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू के समर्थन में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा व विधायकों ने रैली निकाली।
दिग्विजय सिंह पर बरसे वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस मप्र को 2003 तक दिग्विजय सिंह ने बीमारू राज्य बना दिया था और इस मप्र का बंटाधार किया था और उसके बाद गलती से 15 महीने के लिए कमलनाथ की सरकार आई और मिस्टर बंटाधार नंबर टू ने गरीबों के हक और अधिकार छीनने का काम किया। लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने केवल गरीबी हटाने का नारा नहीं दिया, बल्कि हर गरीब के जीवन को बदलने का काम भारतीय जनता पार्टी की हमारी सरकारें कर रही हैं। नगरों के विकास के लिए चाहे वो नगर पालिका हो नगर परिषद हो या जबलपुर के साथ ही प्रदेश के 16 नगर निगमो के हमारे महापौर के सभी प्रत्याशीयों को बहुमत के साथ जिताकर मप्र की विकास यात्रा को गति देने का काम करे यह जनता जनार्दन से अनुरोध करना चाहता हूं। उन्होंने कहा जबलपुर मेरी कर्मभूमि रही है और मित्रो मैंने यहां के नौजवानों के साथ संघर्ष किया है और हमने देखा है कांग्रेस के लोगों ने सिर्फ झूठ और छल की राजनीति की है और कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने प्रदेश को गर्त में ले जाने का काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा देश के अंदर उदयपुर में हमारे एक भाई की गला रेतकर हत्या कर दी जाती है उसके पहले महाराष्ट्र में हत्या कर दी जाती है और ऐसी तालिबानी मानसिकता के लोगो को पोषित करने का काम कांग्रेस के लोग कर रहे हैं। ऐसी मानसिकता के लोगो को जबलपुर ही नही पूरे प्रदेश से समाप्त करें।
भाजपा ही परिवारवाद के दंश को दूर करने का विकल्प : मनोज तिवारी
पार्टी के पक्ष में प्रचार करने जबलपुर पहुँचे भोजपुरी सुपरस्टार, दिल्ली प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व साँसद मनोज तिवारी ने कहा कि परिवारवाद का दंश जो हम झेल रहे हैं, इसका एकमात्र विकल्प भारतीय जनता पार्टी है। इसलिए भाजपा को जिताएं एवं डॉ जामदार को महापौर और भाजपा के पार्षदों को जिताएं। उन्होंने कहा आज जबलपुर में हम डॉ जितेंद्र जामदार एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आप सभी से हाथ जोडक़र प्रार्थना करने आये हैं वैसे तो उनका नाम डॉ जितेंद्र जामदार है लेकिन वे आदमी बहुत जानदार हैं। इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी डॉ जितेंद्र जामदार, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल, पूर्व मंत्री शरद जैन, पूर्व महापौर प्रभात साहू, डॉ अभिलाष पांडे के साथ क्षेत्र के पार्षद प्रत्याशी उपस्थित थे।
जगतबहादुर सिंह अन्नू की समर्थन रैली में उमड़ी जनमेदिनी
नगर के ऊर्जावान कांग्रेस नेता व महापौर प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू के साथ राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा सडक़ों पर निकले। अन्नू अपने विशाल समर्थन काफिले के साथ जहां से भी गुजरे, अपार जनसैलाब उनके काफिले में शामिल होता चला गया। कांग्रेस महापौर प्रत्याशी जगतबहादुर सिंह अन्नू की समर्थन रैली का विशाल कारवां जहाँ से भी होकर गुजरा तो इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सजाए गए स्वागत मंचों के माध्यम से लोगों ने उन्हें जीत का आशीर्वाद देकर गर्मजोश स्वागत किया गया। समर्थन रैली का शंखनाद नेपियर टाउन स्थित केंद्रीय कार्यालय से हुआ अपार जनसमूह युक्त रैली शास्त्री ब्रिज, शंकराचार्य चौक, गोरखपुर, हाथीताल, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, गुप्ता होटल, एलआईसी, सूपाताल, त्रिपुरी वार्ड, गढ़ा बाजार, गुलौआ चौक, लेबर चौक, एमआर-फोर रोड, उखरी चौक, विजय नगर, पंडित दीनदयाल चौक, दमोहनाका, गोहलपुर, मछली मार्केट, मिलोनीगंज, कोतवाली, कमानिया आदि क्षेत्रों में भ्रमण किया। अपार समर्थकों से युक्त जनसंपर्क रैली में शहर के विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक सांस्कृतिक संगठनों के गणमान्य समर्थकों के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तंखा, विधायक तरुण भनोत, लखन घनघोरिया, विनय सक्सेना, संजय यादव, सहित कांग्रेस नेता सौरभ नाटी शर्मा, मुकेश राठौर, ताहिर अली, मनोज सेठ, एडवोकेट अर्पित तिवारी, अशोक गुप्ता, सत्येंद्र ज्योतिषी, बृजेश दुबे, तरुण रोहितास, गोपाल सिंह लोधी, जगदीश प्रसाद साहू, सुनील साहू, संदीप जैन, नगर महिला कांग्रेस कमेटी से कमलेश यादव, यामिनी सिंह अन्नू, रेखा विनोद जैन, इंदिरा पाठक तिवारी, खुर्शीदा अंसारी, शोभा उपाध्याय, सीमा तिवारी, वैशाली सिंह और कहकशा अंजुम सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।