जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शौचालय के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। मामला शहपुरा तहसील के ग्राम पंचायत कुलोन का है, जहां पर पूर्व सरपंच और सचिव ने मिलकर कागजों में ही शौचालय का निर्माण कर दिया। वर्ष 2016 की जो सूची बनी है, उसमें अब तक लोगों को शौचालय की राशि नहीं मिली है। जब इन लोगों ने जनपद कार्यालय जाकर पता किया तो बड़ा खुलासा सामने आया। 50 से ज्यादा लोगों की शौचालय की राशि 2016 में ही निकाल ली गई, लेकिन कहीं पर भी शौचालय का निर्माण नहीं हुआ। इससे अब ग्रामीणों में आक्रोश है और वे कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत कुलोन में सरपंच-सचिव ने बड़ा खेल किया है। इस मामले में अब जांच भी शुरू हो गई है, लेकिन अब तक लोगों को शौचालय की राशि नहीं प्राप्त हुई। वर्तमान सचिव बताते हैं कि यह 2016 में घपला हुआ है। हम इसमें भला क्या कर सकते हैं। अब अधिकारी ही कुछ ना कुछ करेंगे।
भ्रष्टाचार की कलई भले ही खुल गई हो, लेकिन घपले की फाइलें धूल खाती हुई कार्यालय में दम तोड़ती नजर आती हैं। लोग कार्यालय के चक्कर लगा रते हैं। ग्रामीण हैरत में हैं कि लिस्ट में नाम होने के बाद भी उनको शौचालय की राशि नहीं मिली। अधिकारी भी उनकी सुनने को तैयार नहीं हैं। लिहाजा सवाल उठना लाजमी है कि इस भ्रष्ट सिस्टम पर लगाम कैसे लगेगी।