आदिवासियों को रिझाने के साथ कार्यकर्ताओं में भी जोश भरेंगे गृहमंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 सितंबर को आएंगे जबलपुर, सांसद राकेश सिंह के आग्रह पर कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
जबलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 18 सितंबर को जबलपुर आ रहे हैं। उनका यह दौरा भले ही सियासी न हो, लेकिन यह समीकरणों को साधने वाला जरूर होगा। प्रदेश में इन दिनों आदिवासियों को अपने पाले में करने की कवायद हो रही है। ऐसे में यह दौरा इसलिए खास होगा क्योंकि अमित शाह इस दौरान कुंवर शंकर शाह और रघुनाथ शाह जी के बलिदान दिवस पर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसे आदिवासियों को रिझाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जबलपुर सांसद व लोकसभा के मुख्य सचेत राकेश सिंह के आग्रह पर अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। सिर्फ जबलपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं को भी वे संदेश देंगे कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के लिए काम कर रही है। चूंकि आने वाले समय में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव भी हैं, इसलिए अमित शाह का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बूथ कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
गृह मंत्री और भारतीय राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह जबलपुर संसदीय क्षेत्र के बूथ अध्यक्षो को भी संबोधित करेंगे। पार्टी का कहना है कि वे अपने प्रवास के दौरान भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेंलन में भी अपना मार्गदर्शन देंगे। दरअसल इसके लिए सांसद राकेश सिंह ने उनसे आग्रह किया था। अमित शाह अपने दौरे में कुंवर शंकर शाह और रघुनाथ शाह जी के बलिदान दिवस के पुण्य स्मरण के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सांसद राकेश सिंह ने बताया कि उनके आग्रह पर अमित शाह ने जबलपुर संसदीय क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में को संबोधित करने की अनुमति प्रदान की है। पार्टी के बूथ अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित कर अमित शाह कांग्रेस को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
मप्र में आदिवासी को साधने की कवायद
मप्र की राजनीति में आदिवासी बेहद अहम हैं। इसलिए अमित शाह का यह दौरा आदिवासियों को रिझाने का प्रयास भी माना जा रहा है। पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत पूरी कांग्रेस खुद को आदिवासियों का हितैषी साबित करने में लगी हुई है। ऐसे में खरगोन की घटना पर कांग्रेस आक्रामक है। आदिवासी युवक की मौत पर कांग्रेस भाजपा को आदिवासी विरोधी साबित करने में लगी हुई है। विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश न देने के मुद्दे पर भाजपा को घेर चुकी है। भाजपा इस मुद्दे पर बैकफुट में है। ऐसे में अमित शाह का दौरा प्रदेश भाजपा के लिए बेहद अहम होगा। अमित शाह के इस दौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई आला मंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है।