Homeमध्यप्रदेशउमा दीदी के बाद अब सुमित्रा ताई ने की शिवराज से मुलाकात,...

उमा दीदी के बाद अब सुमित्रा ताई ने की शिवराज से मुलाकात, पढ़ें क्या हुई बात

  • भोपाल में मुख्यमंत्री से भेंट की, इंदौर में प्राचार्य को जिंदा जलाने और बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति एवं पब की बढ़ती संख्या व अपसंस्कृति पर कारगर रोक लगाने के लिए कहा

इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की सक्रियता के बाद अब ताई भी सक्रिय हो गई हैं। इंदौर की ८ बार सांसद व पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से विशेष भेंट की। उन्होंने इस मौके पर इंदौर में हुए महिला प्राचार्य को जलाने के जघन्य कांड और शहर में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति एवं पब की बढ़ती जा रही अपसंस्कृति पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया।
सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ लगभग १ घंटे विभिन्न विषयों पर बातचीत की। श्रीमती महाजन ने मुख्यमंत्री को दो पत्र सौंपे। एक पत्र में उन्होंने महिला प्राचार्य को जिंदा जलाए जाने वाले प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए ना केवल अपना दुख जताया और पुलिस प्रशासन एवं कॉलेज संचालकों को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यह घटना इंदौर की संस्कृति के खिलाफ है और इंदौर के सम्मान पर काला धब्बा हैं। पुलिस प्रशासन समय रहते चेत जाता तो शायद यह घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी का सस्पेंशन ही काफी नहीं है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसलिए समूचे प्रशासन को सचेत रहना होगा।
श्रीमती महाजन ने अपने दूसरे पत्र में शिक्षा के बढ़ते प्रसार के साथ बढ़ रहे हॉस्टल कल्चर की भी चर्चा की और कहा कि इसके साथ अपराध भी बढ़ने लगे हैं। युवक-युवतियों में नशे की संस्कृति, पब कल्चर का बढ़ता हुआ चलन शहर में अनायास अपराधों में वृद्धि कर रहा है। अपराध की प्रवृत्ति भी ऐसी है कि ऐसी घटनाएं पहले शहर में कभी नहीं घटी। शहर की संस्कृति प्रदूषित ना हो इसलिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे। हॉस्टल तथा शिक्षण संचालकों के साथ प्रशासन एवं पुलिस लगातार बैठकें करें। बाहर से आए छात्रों की पूरी डिटेल संस्थानों एवं हॉस्टल संचालकों के पास जरूरी होना चाहिए। बढ़ते हुए कोचिंग क्लासेस पर भी प्रशासन की सख्त निगाह रहना चाहिए ताकि पढ़ने वाले छात्रों के बीच अपराधीनुमा छात्र प्रवेश न कर पाए तथा शहर का वातावरण भयमुक्त एवं शिक्षा के लिए सकारात्मक ही रहे। ताई ने जोर देकर कहा कि पब एवं शराब परोसने वाले होटलों को समय सीमा में बंद कराए जाने का काम प्रशासन को सख्ती के साथ करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा-इंदौर की सौम्यता को हर हाल में कायम रखेंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ताई की बातों को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने पूर्व के अपने सभी अपॉइंटमेंट निरस्त कर सुमित्रा महाजन के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ताई को आश्वस्त भी किया कि इंदौर की संस्कृति पर किसी भी तरह का धब्बा नहीं लगने देंगे। इंदौर की सौम्यता को जीवित रखा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments