Homeताजा ख़बरयोग आधारित सुदर्शन क्रिया मानवता के लिए अनुपम सौगात

योग आधारित सुदर्शन क्रिया मानवता के लिए अनुपम सौगात

श्रीश्री रविशंकर के इंदौर कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरू श्रीश्री रविशंकर जी भौतिकता में दग्ध मानवता को न केवल भारत अपितु वैश्विक स्तर पर मार्गदर्शन और सम्बल उपलब्ध करा रहे हैं। वे सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ के समान हैं। पूज्य गुरूदेव द्वारा वैज्ञानिक आधार पर विकसित योग की सुदर्शन क्रिया मानवता के लिए बड़ी सौगात है। इससे हम शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी सबल बन सकते हैं। इंदौर नगर निगम द्वारा “स्वच्छ इंदौर-स्वस्थ इंदौर“ के लिए शुरू योग मित्र अभियान अनुपम पहल है। यह कहना है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का। वे श्रीश्री रविशंकर के सान्निध्य में इंदौर में आयोजित योग मित्र तथा महारूद्र पूजा कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने श्रीश्री रविशंकर द्वारा आयोजन को सान्निध्य प्रदान करने के लिए उनका आभार माना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन के बाद बाल योग मित्रों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच योग पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। पूर्व मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर देश का स्वच्छतम नगर होने के साथ संस्कार और संस्कृति का भी केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इंदौर के स्वाद की सराहना की है। विधायक मालिनी गौड, महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव तथा जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह है सुदर्शन क्रिया
सुदर्शन क्रिया सांस लेने की तकनीक से जुड़ा आसन है, जिसमें सांसों को तेज और धीमी गति से अंदर और बाहर किया जाता है। इससे सांसों से जुड़ी परेशानी नहीं होगी। इस आसन को करने से इम्यूनिटी भी मजबूत होती है। सुदर्शन क्रिया शारीरिक और मानसिक परेशानियों को दूर करने के लिए काफी लाभकारी मानी जाती है। नियमित रूप से सुदर्शन क्रिया का अभ्यास करने से स्ट्रेस, थकान और डिप्रेशन को दूर किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments