Homeताजा ख़बरMP : पत्रकारों पर भड़के दिग्विजय, पढ़ें क्या था सवाल, BJP ने...

MP : पत्रकारों पर भड़के दिग्विजय, पढ़ें क्या था सवाल, BJP ने लिए मजे

नाराजगी जताते हुए पूछा-क्या दिग्विजय सिंह बैसाखी पर चल रहा है?
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजनीति में अभी भी सक्रिय हैं। उनके साथ ही पूर्व सीएम कमलनाथ भी राजनीति के मैदान में डटे हुए हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह अब भी खुद को युवा मानते हैं। शायद यही वजह है कि ग्वालियर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे उम्रवाले सवाल पूछे गए तो वे बौखला गए। उन्होंने पत्रकार से नाराजगी जताते हुए पूछा था कि क्या दिग्विजय सिंह बैसाखी पर चल रहा है? क्या बीजेपी में शिवराज सिंह चौहान और मोदी जी युवा हैं। उन्होंने पत्रकार से ही पूछ लिया कि क्या मोदी-शिवराज बुजुर्ग नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि आप मीडिया पर क्यों भड़क जाते हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसी बात नहीं है, लेकिन आप लोग मीडिया की छवि खराब कर रहे हैं।
इस बात पर नाराज हुए थे दिग्विजय
राहुल गांधी की संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा की। एक चैनल के पत्रकार ने उनसे सवाल पूछा कि कांग्रेस में युवा नेता पार्टी से नाराज चल रहे हैं और क्या 75 साल के बुजुर्ग नेता का चेहरा दिखाकर आप चुनाव जीत लेंगे? इस सवाल पर दिग्विजय सिंह भड़क उठे उन्होंन उल्टे सवाल करते हुए पूछा कि क्या दिग्विजय सिंह क्या बैसाखी पर चल रहा है? यह सवाल बीजेपी से क्यों नहीं पूछते हैं? क्या बीजेपी में शिवराज सिंह, मोदी जी युवा हैं? क्या वे बुजुर्ग नहीं हैं? आप मोदी जी से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए क्यों नहीं कहते हैं। जब मीडिया ने उनके रवैये पर सवाल उठाए तो दिग्विजय ने कहा कि उनकी नाराजगी मीडिया से नहीं है, लेकिन सवाल बीजेपी से भी पूछे जाने चाहिए।
नरोत्तम ने कमलनाथ को निशाने पर लिया
दिग्विजय की इस नाराजगी पर बीजेपी ने चुटकी ली है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह गुरु-चेला हैं। गुरु को तो आगे निकलना ही था। उन्होंने राहुल गांधी और कमलनाथ के बीच सब कुछ ठीक नहीं चलने की बात भी कही है। नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता जाने पर कांग्रेस के प्रदर्शनों को फ्लॉप शो और दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ दिल्ली में हुए प्रदर्शन में कहीं नजर नहीं आए। भोपाल में हुए प्रदर्शनों से कमलनाथ समेत अन्य बड़े नेताओं ने भी दूरी बनाई। कांग्रेस की बैठकों से भी कमलनाथ नदारद हैं। जब राहुल गांधी यात्रा पर मप्र आए थे, तब कमलनाथ पंडित प्रदीप मिश्रा से मिलने गए थे। यह इस बात के संकेत हैं कि राहुल गांधी और कमलनाथ के बीच मतभेद हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments