Homeजबलपुरगजब.. यहां तो वारदाने भी लुट गए.. किसान सीसीटीवी में भी हुए...

गजब.. यहां तो वारदाने भी लुट गए.. किसान सीसीटीवी में भी हुए कैद

जबलपुर। अभी तक आपने पलटे हुए ट्रक-टैंकरों से पेट्रोल-डीजल और अन्य सामग्रियों की लूट के किस्से सुने होंगे, लेकिन वारदाने की लूट नहीं सुनी होगा। जबलपुर जिले के पनागर में यह लूट हुई है। यहां वेयरहाउस में धान की तुलाई के लिए आये वारदाने किसानों ने लूट लिए। पनागर के सिमरिया ग्राम के शुभी एग्रो वेयरहाउस में 6 जनवरी को यह लूट हुई है। सुबह 9 से 10 बजे के आसपास कई किसान आए और ट्रक में से वारदाने लूट कर चलते बने। वेयरहाउस संचालक ने इसका ठीकरा कुछ छुटभैया किसान नेताओं पर फोड़ा है। बहरहाल प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर-ट्राली और ऑटो में भरकर ले गए
वेयरहाउस संचालक का कहना है कि किसानों की धान तुलाई के लिए लगभग 55 गठानेें आईं थी। इसमें लगभग 26000 कट्टियां थीं। इनमें से 20 गठानें किसान लूटकर ले गए हैं। ट्रैक्टर, ट्राली, ऑटो सहित जिस-जिस साधन से किसान आया था, उससे जितना बना, वारदाने लूट लिए। सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हुई है। वेयरहाउस संचालक ने किसान संघ के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उनका कहना है कि किसानों ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की। वहीं वेयरहाउस के तीन-चार कर्मचारियों के घायल होने की बात उन्होंने कही। वेयरहाउस संचालक ने यह भी कहा कि अगर इस तरह की घटनाएं होंगी, तो वह खरीदी बंद कर देंगे। इस पूरे मामले की जानकारी लगते ही नायब तहसीलदार, पटवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments