Homeताजा ख़बरकांग्रेस जब अंग्रेजों से नहीं डरी तो ईडी से क्या डरेगी :...

कांग्रेस जब अंग्रेजों से नहीं डरी तो ईडी से क्या डरेगी : भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा-छापों से कांग्रेस नहीं डरेगी, कहा-महाधिवेशन को असफल करने की कोशिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों में जुटी थी, लेकिन ईडी की कार्रवाई ने उसे अचंभित कर दिया। प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी से कांग्रेस लाल हो गई है। दिल्ली से लेकर रायपुर तक उसने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में मोर्चा संभाला तो, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और अपने 9 मंत्रियों साथ राजीव भवन में प्रेस कान्फ्रेंस की। उन्होंने ईडी के छापे को राजनीतिक हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी दमनकारी कार्रवाई के आगे झुकेगी नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब अंग्रेजों से नहीं डरी तो ईडी से क्या डरेगी।
कांग्रेस पार्टी कोई बड़ा कदम उठाती है, छापे पड़ते हैं
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जब-जब कांग्रेस पार्टी कोई बड़ा कदम उठाती है या कार्यक्रम का आयोजन करती है तो उसके यहां छापे पड़ते हैं। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस यूनिट को झारखंड चुनाव की जिम्मेदारी दी तो परिणाम आने के कुछ दिनों बाद छत्तीसगढ़ में ईडी-आयकर का छापा पड़ा। जब हम असम चुनाव में प्रचार करने गये थे, तब भी यही कार्रवाई हुई। उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश चुनाव के समय पड़ा। हिमाचल प्रदेश से लौटे और लौटते ही छापा पड़ गया। अब जब रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन होने वाला है, तो छापा पड़ गया।
महाधिवेशन को असफल करने की कोशिश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस छापे को कांग्रेस महाधिवेशन को असफल करने की कोशिश बताया। हम लोग भी इस तैयारी में हैं कि भाजपा सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, हम महाधिवेशन में असफल नहीं होंगे। यह सीधा राजनीतिक दबाव के चलते की गई कार्रवाई है। भाजपा संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि आप काम मत करो।
जितना जुल्म करना है कर लें, जनता देख रही है
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस जब अंग्रेजों से नहीं डरी तो वह इनसे क्या डरेगी। जितना जुल्म करना है कर लें, जनता देख रही है। वह आवाज उठाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ईडी ने कांग्रेस के जिन पदाधिकारियों के यहां छापा डाला है, वे सभी महाधिवेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर हैं। रामगोपाल अग्रवाल प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं, गिरीश देवांगन को प्रदेश प्रभारी ने महाधिवेशन में बड़ी जिम्मेदारी दी है। विधायक देवेंद्र यादव, प्रवक्ता आरपी सिंह, विनोद तिवारी इसी काम से जुड़े हुए हैं। एक ही मकसद है कि महाधिवेशन से पहले कांग्रेस में अफरातफरी मच जाए। प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा ने कहा कि कांग्रेस ऐसी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments