Homeताजा ख़बरछत्तीसगढ़ में ED की एंट्री.. कांग्रेस ने अडानी से जोड़ी लिंक, पढ़ें...

छत्तीसगढ़ में ED की एंट्री.. कांग्रेस ने अडानी से जोड़ी लिंक, पढ़ें किसने क्या कहा

  • कांग्रेस महाधिवेशन से पहले ईडी के छापे पर गरमाई सियासत, कांग्रेस बोली, साजिश कर रही भाजपा
  • कोयला घोटाले में 8 कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई, 24 को होना है कांग्रेस का महाधिवेशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपने राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों में जुटी हुई है। लेकिन इससे पहले ही ईडी के छापे ने उसका मूड खराब कर दिया। छत्तीसगढ़ में सोमवार को सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 6 कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर छापा मारा। इसमें विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। एजेंसी ने कोयला लेवी घोटाले में यह कार्रवाई की है। कार्रवाई से नाराज कांग्रेस ने इसे कांग्रेस महाधिवेशन को डिस्टर्ब करने का प्रयास बताया तो राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने इसे अडानी से भी जोड़ दिया।
95 प्रतिशत विपक्षी नेता और सबसे ज्यादा कांग्रेसियों पर रेड
ईडी की इस कार्रवाई पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा ’पिछले 9 सालों में ईडी ने जो रेड की हैं उसमें 95 प्रतिशत विपक्षी नेता हैं और सबसे ज्यादा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अडानी की सच्चाई खुलने और भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से हताश हो चुकी भाजपा ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी रायपुर में ईडी दफ्तर का घेराव करेगी। अडानी मामले से भाजपा हताश है।
प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई नेताओं के घरों पर छापे
भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई साथियों के घरों पर ईडी ने छापा मारा है। 24 फरवरी से रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन है। तैयारियों में लगे साथियों को इस तरह रोककर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। भारत जोड़ो की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है। यह ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हम लड़ेंगे और जीतेंगे।
इन कांग्रेस नेताओं पर छापे
ईडी ने जिन नेताओं के ठिकानों पर दबिश दी है, उनमें प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई से विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी शामिल हैं। खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और सारंगढ़ विधायक चंद्रदेव राय के घर भी कार्रवाई हुई है।
500 करोड़ का घोटाला
ईडी का कहना है कि छत्तीसगढ़ में ट्रांसपोर्ट किए जाने वाले हर टन कोयले पर 25 रुपए की अवैध वसूली की गई है। इसमें राजनेता, सरकारी अफसर और व्यापारी शामिल हैं। 2021 में 500 करोड़ रुपए की अवैध वसूली की गई थी। अक्टूबर 2022 में भी ईडी ने इस घोटाले के सिलसिले में 40 ठिकानों पर छापा मारा था। इस दौरान 4 करोड़ कैश, करोड़ों की संपत्ति और दस्तावेज बरामद किए गए थे। इस मामले में एक आईएएस और 9 कारोबारी जेल में बंद हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments