Homeताजा ख़बरकमलनाथ के गढ़ में बोले VD शर्मा, कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने गांधी...

कमलनाथ के गढ़ में बोले VD शर्मा, कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने गांधी जी के सपनों को चकनाचूर किया

  • वीडी शर्मा ने छिंदवाड़ा को कांग्रेस का गढ़ मानने से इंकार दिया, कहा-आने वाले चुनाव जिसको भी यह भ्रम है, वह दूर हो जाएगा
  • कांग्रेस की नीतियों से गांव, गरीब और किसान बर्बाद हुए, राजीव गांधी ने कहा था, दिल्ली से 1 रूपए भेजते हैं, गरीब तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे रह जाते हैं

छिंदवाड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले छिंदवाड़ा में हैं। हालांकि उन्होंने छिंदवाड़ा को कांग्रेस का गढ़ मानने से इंकार दिया और कहा कि आने वाले चुनाव जिसको भी यह भ्रम है, वह दूर हो जाएगा। सारना मंडल के जमुनिया शक्ति केंद्र में हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोले हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी कहते थे कि भारत गांव में बसता है। गांवों के विकास से ही भारत आगे बढ़ेगा, लेकिन कांग्रेस की सरकारों और उसके भ्रष्टाचार ने राष्ट्रपति महात्मा गांधी के सपनों को चकनाचूर कर दिया। कांग्रेस की नीतियों से गांव, गरीब और किसान बर्बाद हुए। यही वजह थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी को यह कहना पड़ा कि दिल्ली से 1 रूपए भेजते हैं, तो गरीब तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन-धन खाते खुलवाएं, ताकि गरीबों को योजनाओं की मिलने वाली राशि सीधे उनके खातों में पहुंचे। उन्होंने बिचौलियों को खत्म किया। आज हर योजना का पूरा पैसा हितग्राही के खाते में पहुंचता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान, खादी को बढ़ावा, किसान सम्मान निधि देकर गांधी जी के सपनों को साकार किया है।
कांग्रेस 60 सालों में जो नहीं कर पाई, मोदी ने 8 साल में कर दिखाया
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस देश में सबसे अधिक सत्ता में रही, लेकिन चुनावी नारों और जनता भ्रमित करने का काम किया। कांग्रेस ने 60 सालों में जो विकास नहीं किया, उससे ज्यादा विकास के काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 8 वर्षों में केंद्र सरकार ने कर दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इंदिरा आवास और गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन हकीकत में गरीब को कुछ नहीं मिला। आज मोदी सरकार में गरीबों को प्रधानमंत्री आवास के पक्के मकान, पक्के शौचालय, उज्जवला गैस, आयुष्मान और जन-धन योजना का सुरक्षा कवच मिला है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान दुनियाभर में बढ़ रहा है। कई देशों के राष्ट्र अध्यक्ष भारत की प्रशंसा कर रहे हैं। अब तो पाकिस्तान के लोग भी कह रहे हैं कि “हमे मोदी चाहिए“, यह सशक्त और समृद्ध भारत की तस्वीर है।
चुनाव जीतना और राजनीति करना ही भाजपा का मकसद नहीं
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरैया शक्ति केन्द्र की टोली एवं उसके अंतर्गत आने वाले त्रिदेवों के साथ बैठक कर बूथ सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतना और राजनीति करना ही भारतीय जनता पार्टी का मकसद नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता संगठन कार्यों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करते हैं, इसलिए अपने बूथ पर मतदान प्रतिशत बढ़े यह जिम्मेदारी भी हमें निभानी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की है। अब बहनों को 1 हजार रु प्रति माह भाजपा सरकार देगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित हर योजना को घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आम जन को हम कार्यकर्ता जितनी सक्रियता से सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास करेंगे तो प्रतिसाद स्वरूप आमजन हमसे जुड़ेगा।

ट्रैक्टर चलाकर बूथ पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ विस्तारक अभियान-2 के अंतर्गत बूथ समिति और पन्ना समिति की बैठक ली। प्रदेश अध्यक्ष लावाघोघरी शक्ति केंद्र के बूथ क्रमांक 20 पर आयोजित अभियान में शामिल होने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रभारी मंत्री कमल पटेल, पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक साहू सहित अन्य वरिष्ठ नेता बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कन्यापूजन कर अभियान में भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ क्रमांक 20 के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका डिजिटल पंजीयन और सत्यापन किया। उन्होंने कार्यकर्ता मुकेश धुर्वे के निवास पर भोजन कर उनके परिवार से भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष छिंदवाड़ा नगर मंडल के वार्ड 48 में युवा सम्मेलन में शामिल हुए। इसके बाद पुलिस ग्राउंड पहुंचकर गृहमंत्री अमित शाह जी के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।


प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ाया बूथ कार्यकर्ताओं का गौरव : कमल पटेल
प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने कहा कि भारतीय राजनीति के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी राष्ट्रीय पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष किसी बूथ पर जाकर एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष का बूथ पर आकर कार्य करना यह साबित करता है की भाजपा ही कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। प्रदेश अध्यक्ष का बूथ पर आकर पार्टी का कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव की बात है। ज़िला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा कि छिंदवाड़ा का कार्यकर्ता यहां से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के लिए कृत संकल्पित है। बैठक में संभाग प्रभारी एवं पार्टी की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, जिला प्रभारी संतोष पारिख, लोकसभा प्रभारी नरेश दिवाकर, शेषराव यादव, नानाभाऊ मोहोड़, मारूति राव खवसे, मंडल प्रभारी रिज़वान कुरैशी, ज़िला उपाध्यक्ष कमलेश उईके, जनपद सदस्य कुबेर सूर्यवंशी, सरपंच संघ के अध्यक्ष देवीलाल चंद्रवंशी, सरपंच गीता रहन शाह इवनाती, जिला पंचायत सदस्य बिंदु लाल सिंह बट्टी, मंडल संयोजक गोंदिया भलावी, पंच्छा शाह उइके सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बूथ कार्यकर्ता उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments