Homeताजा ख़बरकेंद्रीय मंत्री ने कहा-नशे के कारण मेरा बेटा नहीं बचा, भारत को...

केंद्रीय मंत्री ने कहा-नशे के कारण मेरा बेटा नहीं बचा, भारत को नशामुक्त करेंगे

वीडियो देखें-

  • केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा-राहुल गांधी निकालें कांग्रेस जोड़ो यात्रा, नशे के खिलाफ उमा भारती सही

जबलपुर। जबलपुर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वे भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस जोड़ो यात्रा करें। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती मप्र में सही कर रही हैं। देश को नशे से बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेरा लडक़ा नशे के चक्कर में पड़ गया था और मैं उसे बचा नहीं पाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे क्रांतिकारियों ने देश को अंग्रेजों से तो बचा लिया, लेकिन वे जो भारत में नशा छोड़ गए, उससे बचाने की जरूरत है।

नशे से हर साल 20 लाख से ज्यादा मौतें

केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि जितनी जानें आजादी की लड़ाई में नहीं गईं, उससे ज्यादा जान हर साल नशे के चलते जाती हैं। नशे से हर साल 20 लाख से ज्यादा लोग मरते हैं। आजादी की लड़ाई में 6 लाख 32 हजार जान गई थी। आज भारत में सारा नशे का सामान विदेश से आ रहा है। युवा पीढ़ी को एक साजिश के तहत बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि देश को अंग्रेज़ों से तो बचा लिया लेकिन जो नशा अंग्रेज छोड़ गए अब उससे देश को बचाना है। नए साल में नशे की पार्टी से बचें युवा और नए साल पर संकल्प लेकर नशा छोड़ दें।

अपना बच्चा बचा नहीं सका, इसलिए चिता पर संकल्प लिया

शराबबंदी और नशामुक्ति पर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि मेरा लडक़ा नशे के चक्कर में पड़ गया , मैं उसे बचा नहीं पाया। उसकी चिता पर आग लगाते वक्त ये संकल्प लिया था कि मैं अपना बच्चा तो बचा नहीं सका, लेकिन दूसरों के बच्चे नशे से बचे, इसका अभियान मैंने शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उमा भारती सही कर रही हैं। पीएम आवास योजना की प्रगति पर केंद्रीय मंत्री कौशल ने कहा कि 1 करोड़ 23 लाख आवास मंज़ूर किए थे जिन्हें 2022 तक पूरा होना था। अब तक 60 फ़ीसदी आवास बन गए हैं। स्मार्ट सिटी के काम 2023 तक पूरे हो जाएँगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments