Homeताजा ख़बरशिवराज ने पढ़े कसीदे, उमा भारती के राम मंदिर निर्माण, गंगा स्वच्छता...

शिवराज ने पढ़े कसीदे, उमा भारती के राम मंदिर निर्माण, गंगा स्वच्छता व सरकार बनाने में योगदान को सराहा

  • उमा भारती ने बरसाए फूल, शिवराज बोले-उमा दीदी के चेहरे का तेज, वाणी का ओज अद्भुत है, सरस्वती उनके कंठ में विराजमान

भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक ही मंच पर थे। अवसर था नई शराब नीति पर शिवराज के स्वागत का। उमा भारती ने शिवराज सिंह पर फूल बरसाए तो शिवराज ने भी दीदी की तारीफ में कसीदे पढ़े। शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के अनुरूप आबकारी नीति लाने पर अभिनंदन समारोह में आदरणीय दीदी उमा भारती ने अभिनंदन-पत्र भेंट कर प्रदेशभर की बहनों की ओर से अभिनंदन किया है। मैं आदरणीय दीदी और समस्त बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और अपना संकल्प दोहराता हूं कि बहन-बेटियों के कल्याण एवं उत्थान के लिए संकल्पित भाव से अविराम कार्य करता रहूंगा। सीएम ने कहा कि दीदी उमा भारती को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए अपने आपको झोंककर काम करते देखा है। गंगा की स्वच्छता तथा नशा मुक्ति एवं गौ रक्षा के लिए अविराम कार्य करती रहीं। मध्यप्रदेश में यदि 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो उसकी नेतृत्वकर्ता, रणनीतिकार और घनघोर परिश्रम करने वाली दीदी ही थीं। उमा दीदी के चेहरे का तेज, वाणी का ओज अद्भुत है। व्यास पीठ पर बैठते ही सरस्वती उनके कंठ में विराजमान होती हैं।
दीदी के आशीर्वाद से सरकार चलाने में धन का कभी महसूस नहीं हुई
शिवराज ने कहा कि ईश्वर की कृपा और आदरणीय दीदी का आशीर्वाद ही है, जो मुझे सरकार चलाने के लिए आजतक धन का कभी अभाव महसूस नहीं हुआ। मन में बहनों के कल्याण का भाव आया और लाडली बहना योजना बना दिया।
अथक परिश्रम से दिग्विजय सिंह की सरकार को उखाड़ फेंका था


शिवराज ने कहा कि उमा दीदी ने दिन-रात परिश्रम करके, अपने शरीर और स्वास्थ्य को दांव पर लगातार वर्ष 2003 में दिग्विजय सिंह की सरकार को उखाड़ फेंका था। वर्ष 2003 में भाजपा की विजय की रणनीतिकार, नेतृत्वकर्ता उमा दीदी थीं। प्रदेश की बहनों के सशक्तिकरण के लिए मैंने लाड़ली बहना योजना बनाई। इसमें बहनों को प्रति माह 1 हजार रुपये यानी वर्ष में 12 हजार रुपये प्रदान किये जाएंगे। बहनों के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा।
गोबर और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ाने व किसानों को आर्थिक सहायता पहुँचाने के लिए प्लान बनाएंगे
सीएम ने कहा कि शराब के नशे में कई दुर्घटनाएं और दुराचार होते थे। अहाता बंद होने से इन पर लगाम लगेगी। यह समाज सुधार की दृष्टि से बहुत बड़ा कदम है। गाय को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने, गोबर और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ाने तथा किसानों को आर्थिक सहायता पहुँचाने के लिए प्लान बनाएंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और अन्य की उपस्थिति रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments