Homeताजा ख़बरकर्नाटक के रण में उतरे शिवराज, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से जताई सिम्पेथी,...

कर्नाटक के रण में उतरे शिवराज, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से जताई सिम्पेथी, कहा-कर्नाटक का हुआ अपमान

  • शिवराज बोले-कांग्रेस कई टुकड़ों में बंट गई है और आपस में ही जूतमपैजार हो रही है
  • कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया, छत्तीसगढ़ में बुजुर्ग खड़गे धूप में खड़े रहे और कांग्रेसियों ने छाता मैडम सोनिया गांधी के सर पर तान दिया

विजयनगर। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव कुछ माह बाद ही होने हैं। ऐसे में नेताओं ने अपना प्रचार शुरू कर दिया है। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कर्नाटक के विजयनगर पहुंचे और विजय संकल्प यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कर्नाटक की जनता से भाजपा को जिताने की अपील की। उनके निशाने पर कांग्रेस तो रही ही, साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति उन्होंने सिम्पेथी भी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई टुकड़ों में बंट गई है और आपस में ही जूतमपैजार हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खड़गे जी का अपमान किया है। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में बुजुर्ग खड़गे जी धूप में खड़े रहे और कांग्रेसियों ने छाता मैडम सोनिया गांधी के सर पर तान दिया। यह कर्नाटक का अपमान है। कर्नाटक का संपूर्ण विकास सिर्फ भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही कर सकते हैं। इसलिए मैं मध्यप्रदेश की धरती से आपसे प्रार्थना करने आया हूँ।
भारत के नवनिर्माण के लिए मोदी का अवतार
शिवराज ने कहा कि विजय संकल्प यात्रा में चल रहे लोगों की आँखों में विश्वास, दिल में जोश और मोदी जी के प्रति सम्मान था। मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूँ कि यह यात्रा भाजपा को विजय दिलाएगी। हम फिर से सरकार बनाएंगे। भारत का सौभाग्य है कि एक ऐसे व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने भारत के नवनिर्माण के लिए अवतार लिया है। वर्ष 2014 के पहले कांग्रेस की सरकार थी, भारत का कोई मान-सम्मान नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न एवं शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने देश बदल दिया, देश की जनता की जिंदगी बदल दी।
विजयनगर साम्राज्य का गौरव कांग्रेस के समय समाप्त हो गया था
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महान प्रतापी राजा कृष्णदेव राय के विजयनगर साम्राज्य का गौरव कांग्रेस के समय समाप्त हो गया था लेकिन बीएस येदियुरप्पा को धन्यवाद देता हूँ जिन्होंने विजयनगर का गौरव लौटाया।
कांग्रेसी कह रहे मोदी तेरी कब्र खुदेगी, कर्नाटक कह रहा मोदी तेरा कमल खिलेगा
शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश तथा कर्नाटक के दिल में बसे हैं। पूरा देश और कर्नाटक कह रहा है कि मोदी तेरा कमल खिलेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने कर्नाटक की तस्वीर तथा तकदीर दोनों बदली है और कर्नाटक को चारों दिशाओं में प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में आज चारों दिशाओं में विकास हो रहा है। बहनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। डबल इंजन की सरकार ने कर्नाटक को इतनी तेज गति से आगे बढ़ाया है कि कर्नाटक आज देश का सबसे प्रगतिशील राज्य हो गया है। इस अवसर पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर जी, मंत्री श्रीरामुलु जी, आनंद सिंह व स्थानीय नेता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments