रिंकू विज बने नगर निगम अध्यक्ष, कश्मकश भरे रहे चुनाव
जबलपुर। नगर निगम में महापौर के चुनाव में मात खा चुकी भाजपा ने अपना अध्यक्ष बनवाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। पार्षदों की बाड़ेबंदी हुई और फिर आखिरकार भाजपा का ही अध्यक्ष चुनाव गया। कुछ दिनों पहले तक कमलेश अग्रवाल के अध्यक्ष बनने की चर्चा थी, लेकिन जब अध्यक्ष बनने की बारी आई तो रिंकू विज की लाटरी खुल गई। फिर क्या था दो बार के पार्षद रहे रिंकू विज को भाजपा ने अध्यक्ष बनवा दिया। भाजपा के रिंकू विज को 44 वोट मिले, तो कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को 34 वोट मिले। इस तरह जबलपुर में महापौर तो कांग्रेस के जगत बहादुर सिंह अन्नू हैं, लेकिन अध्यक्ष भाजपा का ही होगा। ऐसे में अब देखना होगा कि आने वाले समय में कांग्रेस और भाजपा का क्या रूख रहता है।
सांसद, विधायक भी पहुंचे सदन में
जब नगर निगम अध्यक्ष का चुनाव होना था, तो सदन में सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी और अन्य वरिष्ठ नेता भी सदन में पहुंचे। चूंकि भाजपा के पास बहुमत था, इसलिए रिंकू विज को नगर निगम अध्यक्ष बनने में कोई मुश्किल सामने नहीं आई। हालांकि भाजपा के 45 पार्षद थे लेकिन एक पार्षद की क्रॉस वोटिस से भाजपा को 44 मत ही मिले। कांग्रेस के प्रत्याशी अयोध्या तिवारी को 34 मतों से समझौता करना पड़ा। कांग्रेस को अपने 26 पार्षदों के साथ अन्य मिलाकर 34 वोट मिले।