Homeताजा ख़बरअटकलों पर लगाया विराम.. MP में "नाथ" ही होंगे "कांग्रेस के तारणहार"

अटकलों पर लगाया विराम.. MP में “नाथ” ही होंगे “कांग्रेस के तारणहार”

  • कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान, कमलनाथ की अगुवाई में लड़ेंगे मध्य प्रदेश का चुनाव
  • चेहरा बदलने की अटकलों पर लगाया विराम, चुनाव की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस में अटकलें थीं कि इस बार मुख्यमंत्री पद का चेहरा कमलनाथ नहीं होंगे। इन अटकलों को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने पुख्ता भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में तो ऐसी परंपरा ही नहीं रही। चुनाव जीतने के बाद विधायक तय करते हैं कि मुख्यमंत्री कौन होगा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी दबी जुबान में सही यह माना कि चुनाव के बाद चेहरा तय होगा। लेकिन अब मप्र कांग्रेस के चाणक्य दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि चेहरा तो कमलनाथ ही होंगे और उनकी अगुवाई में ही चुनाव लड़ा जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए कहा कि कांग्रेस कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली है। मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम एमपी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में कमलनाथ ही चेहरा होने वाले हैं। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव की सभी 230 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
मार्च 2020 में हुआ था तख्तापलट
मध्य प्रदेश में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 230 सीटों में से कांग्रेस 114 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी और भाजपा को 109 सीटें मिली थीं। कांग्रेस ने बाद में कमलनाथ के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनाई थी। हालांकि मार्च 2020 में कांग्रेस के कई विधायकों के भाजपा में जाने के बाद भगवा पार्टी की सत्ता में वापसी का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके साथ ही कांग्रेस के हाथ से सत्ता चले गई थी और एक बार फिर राज्य में भाजपा की सरकार बनी थी। हालांकि कांग्रेस अब फिर से दंभ भर रही है और सत्ता में वापसी का दावा कर रही है। वहीं भाजपा भी नई योजनाओं और महिलाओं को एक-एक हजार रूपए देने का वादा कर चुनावी वैतरणी पार करने के प्रयास में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments