Homeताजा ख़बरछग में राहुल को राष्ट्रपुत्र बताने पर सियासी बवाल, अब BJP ने...

छग में राहुल को राष्ट्रपुत्र बताने पर सियासी बवाल, अब BJP ने भेज दी ये लिस्ट..!

  • कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा ने राहुल गांधी को बताया था राष्ट्रपुत्र, भाजपा ने पूछे सवाल
  • पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पूछा-नेहरू परिवार के बाकी लोग राष्ट्र के क्या लगते हैं?

रायपुर। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने पर पूरे देश में कांग्रेस नेता उनके समर्थन में बयानबाजी कर रहे हैं। कोई उन्हें घर का आफर दे रहा है तो कोई महान बता रहा है। छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा ने राहुल का गुणगान करते हुए कह दिया कि राहुल गांधी देश के लिए काम कर रहे हैं, लोगों की आवाज उठा रहे हैं। जैसे महात्मा गांधी को जनता ने राष्ट्रपिता कहा, उसी तरह आज के दौर में राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं। उनके इस बयान पर अब सियासत गर्म हो गई है। पूर्व मंत्री व भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने सत्यनारायण शर्मा को सोशल मीडिया के जरिए नेहरू के परिवार की वंशावली भेज दी है। उन्होंने पूछा है कि नेहरू परिवार के बाकी लोग राष्ट्र के क्या लगते हैं।
परिवार की वंदना करने वाली देश की पार्टी नहीं हो सकती
अजय चंद्राकर ने वंशावली भेजते हुए कहा कि राहुल को राष्ट्र पुत्र कहने वाली कांग्रेस ये बताए कि मोतीलाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू, राजीव गांधी, कमला नेहरू, प्रियंका वाड्रा गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, रेहान वाड्रा ये क्या-क्या हैं ? इसे भी स्पष्ट करें। उन्होंने तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि एक परिवार की वंदना करने वाली पार्टी कभी देश की पार्टी नहीं हो सकती। कांग्रेस का काल खत्म हो चुका है और कांग्रेस एक परिवार के आखिरी वारिस को बचाने के लिए अंतिम सांसें ले रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति राष्ट्र की वंदना करने वाली राजनीति है और इसके नायक देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है। उनका एक ही लक्ष्य है इस देश को विश्व में सर्वोपरि स्थान दिलाना है।
कांग्रेस ने भी दिया जवाब
भाजपा के इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि देश की सेवा करने वाला हर व्यक्ति राष्ट्रपुत्र हैं। चाहे वह मजदूर हो या राजनेता, कर्मचारी हो या पत्रकार, सभी राष्ट्रपुत्र हैं। भाजपा नेता खुद को राष्ट्र से बड़ा समझते हैं। इसलिए राष्ट्र पुत्र का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता राष्ट्र पुत्र का विरोध कर मां भारती के पुत्रों का अपमान कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments