Homeजबलपुरराजा पटेरिया पर भडक़ा आक्रोश, जबलपुर में भाजपा ने दर्ज कराई एफआईआर

राजा पटेरिया पर भडक़ा आक्रोश, जबलपुर में भाजपा ने दर्ज कराई एफआईआर

वीडियो देखें-

  • राजा पटेरिया ने पन्ना जिले के पवई में पीएम मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहने का बयान दिया था
  • भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर व नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने बयान की निंदा की

जबलपुर। कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने पन्ना जिले के पवई में पीएम मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहने का बयान दिया था। राजा पटेरिया के बयान के बाद पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता आंदोलित हैं और कई शहरों में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रदेशभर में भाजपा ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री गृहमंत्री ने एफआईआर के निर्देश दिए। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने उन्हें दमोह के हटा से गिरफ्तार कर लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जबलपुर के ओमती थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर व नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने इस बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, लेकिन दूसरे तरफ उसके नेता इस तरह के कृत्य कर हिंसा भडक़ाने में लगे हुए हैं।

राजा पटेरिया ने घिनौना कृत्य किया

भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने कहा कि आजाद देश के इतिहास में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में तालिबानी फरमान जारी करना प्रजातांत्रिक नहीं है। राजा पटेरिया ने घिनौना कृत्य किया है, जिससे टकराव पैदा हो सकता है और हिंसा फैल सकती है। भाजपा कार्यकर्ताओं में बेहद आक्रोश है। इसलिए इस आक्रोश को रोकने के लिए विधिसम्मत कार्रवाई करवाई जा रही है।

तरूण भनोट ने किया बचाव, कमलनाथ ने पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की

एफआईआर दर्ज होने पर पूर्व वित्त मंत्री तरूण भनोट ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में पुलिस अधिकारी एफआईआर दर्ज न करें। कानून को अपना काम करने दिया जाए। राजा पटेरिया को मैं अच्छे से जानता हूं, वो ऐसा नहीं बोल सकते। बदले की भावना से एफआईआर की गई है। पहले जांच होनी चाहिए और इसके बाद एफआईआर होना चाहिए। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने इस बयान की निंदा कर पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की है। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके इस बयान का कभी समर्थन नहीं कर सकती।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments