Thursday, June 8, 2023
HomeLatest NewsMP : नसरूल्लागंज का नाम हुआ भैरूंदा, CM ने किया था वादा...जानें...

MP : नसरूल्लागंज का नाम हुआ भैरूंदा, CM ने किया था वादा…जानें इतिहास

  • गौरव दिवस में शामिल हुए शिवराज सिंह चौहान, नगर विकास के लिए 100 करोड़ रूपये की घोषणा
  • भैरूंदा में 80 करोड़ से अधिक के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया

भोपाल। मप्र की भाजपा सरकार ने एक और शहर का नाम बदल दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विशाल जन-समूह के बीच नसरूल्लागंज का नामकरण भैरूंदा करने का उदघोष नगर के गौरव दिवस पर किया। उन्होंने कहा है कि आज नसरूल्लागंज का नाम बदल कर भैरूंदा कर दिया गया है। पुराने नाम को ऐतिहासिक अन्याय बताते हुए कहा कि नाम परिवर्तन से हमारा वैभव फिर लौटा है। उन्होंने नगर के ऐतिहासिक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सिंगल क्लिक से नसरुल्लागंज का नाम बदलकर भेरूंदा करने के साथ ही गजट नोटिफिकेशन सांसद रमाकांत भार्गव और अध्यक्ष नगर परिषद मारुति शिशिर को सौंपा। नागरिकों ने वर्षों पुरानी मांग पूर्ण होने और फिर से वैभव लौटाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार माना। हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गई।
नसरूल्लागंज और भैरूंदा का इतिहास
इतिहासकार बताते हैं कि भोपाल के नवाब परिवार से नवाब सुल्तानजहां बेगम के तीन बेटे थे- हमीदुल्ला खां, ओबैदुल्ला खां और नसरुल्ला खां। उन्होंने अपनी जागीर अपने तीनों बेटों के नाम कर दी थी। जो जागीर जिस बेटे को दी, वहां की जगह उसके नाम से जानी गई। यही वजह थी कि नसरुल्ला खां को जो जगह जागीर में दी गई, उसका नाम भी नसरुल्लागंज हो गया था। जबकि 1908 से पहले इस जगह का नाम नसरुल्लागंज नहीं बल्कि भैरूंदा था। यह तथ्य भोपाल रियासत के गजट से भी जाहिर हो चुका है। यह नाम वहां के समुदाय विशेष और लोक आस्था के आधार पर रखा गया था। यहां ज्यादातर लोगों के आराध्य भैरु देव महाराज हैं। उनमें वहां के स्थानीय निवासियों की गहरी आस्था है। यही वजह है कि कालांतर में आम बोलचाल में इस जगह को भैरुंदा कहा गया। लेकिन नसरुल्ला खां के अधीन आने के बाद इसका नाम नसरुल्लागंज कर दिया गया।
सीएम ने दी सौगात
मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस पर नगर को 80 करोड़ 94 लाख से अधिक राशि के अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों की सौगात दी। इन कार्यों में 76 करोड़ 25 लाख 51 हजार रूपए की लागत के 16 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन तथा 4 करोड़ 68 लाख 50 हजार रूपए के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने भैरूंदा नगर के विकास के लिये 100 करोड़ रूपये देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, बिजली, शिक्षा आदि के अनगिनत कार्य हुए है। भैरूंदा से अब 350 करोड़ रूपये की लागत से नेशनल हाइ-वे बनाया जायेगा, जो खातेगांव, बडनगर और इटारसी को भी जोड़ेगा। उन्होंने भैरूंदा के दो दर्जन से अधिक गाँव को सीप अंबर लिफ्ट एरिगेशन योजना से जोड़ने की घोषणा की। साथ ही करीब एक दर्जन गाँव में बेराज निर्माण की मंजूरी भी दी।
सांसद ने सीएम का जताया आभार
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शराब को हतोत्साहित करने के लिये सभी अहाते बंद कर दिये गये हैं। इस दिशा में समाज को भी सकारात्मक रूख अपनाना होगा। सांसद रमाकांत भार्गव ने भैरूंदा का वैभव लौटाने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। गौरव दिवस पर 40 से अधिक विभागीय गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने नगर की विभूतियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में स्थानीय जन-प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments