Homeताजा ख़बरखडग़े ने मोदी को कहा-रावण, भाजपा ने कहा-ये गुजरात के सपूत का...

खडग़े ने मोदी को कहा-रावण, भाजपा ने कहा-ये गुजरात के सपूत का अपमान

  • कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा-हर चुनाव में अपना चेहरा आगे करते हो, क्या रावण के जैसे 10-10 सिर हैं
  • 2002 में सोनिया गांधी ने मोदी को मौत का सौदागर, 2017 में मणिशंकर अय्यर ने कहा था नीच.. और हार गई कांग्रेस
    नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव में नया मोड़ आ गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने एक सभा में मोदी को रावण कह दिया। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में आप अपना चेहरा आगे करते हो। स्थानीय चुनाव हों, विधानसभा के चुनाव हों या फिर लोकसभा के चुनाव। आपके कितने सिर हैं? क्या रावण के जैसे 10-10 सिर हैं। इस बयान पर भाजपा को मौका मिल गया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे गुजरात के सपूत का अपमान बताया और साथ ही गुजरात की जनता का भी अपमान बता दिया।
    खडग़े बोले-मेरी हाथ की चाय कोई नहीं पीता
    एक सभा में खडग़े ने कहा कि मोदी खुद को गरीब बताते हैं, लेकिन उनसे ज्यादा गरीब तो मैं हूं। मैं उस जाति से आता है, जिसके हाथ से कोई चाय भी नहीं पीता। इस बयान पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिश्वसर्मा ने कहा कि अगर ऐसा है तो राहुल गांधी को एक फोटो साथ में चाय पीते हुए ट्वीट करना चाहिए, ताकि पता चले कि राहुल भी खडग़े के साथ चाय पीते हैं और कांग्रेस में राजनीतिक अस्पृश्यता नहीं है।
    मौत का सौदागर और नीच भी कह चुके हैं कांग्रेस नेता, नतीजा हार
    इस बयान से कांग्रेस ने फिर अपना पुरानी गलती दोहराई है। इससे पहले 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी को मौत का सौदागर बताया था। नतीजतन कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा। पिछले विधानसभा चुनाव में मणिशंकर अय्यर ने मोदी को नीच कहा था। तब नजदीकी मुकाबला था और कांग्रेस अच्छी स्थिति में नजर आ रही थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पूरा जोर लगाए हुए थे। लेकिन इस बयान से गुजरात की सियासी फिजा बदल गई। मोदी ने हर सभा में यह बात जनता से पूछी कि क्या मैं नीच हूं। फिर क्या था, जब नतीजे आए तो भाजपा सत्ता बचाने में कामयाब हो गई और कांग्रेस की सीटें बढ़ीं, लेकिन हार का ही सामना करना पड़ा। इस बार भी यही गलतियां कांग्रेस ने दोहरा दी हैं।
    चुनावी परिदृश्य से गायब हैं राहुल, आप लगा रही जोर
    विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के हाथों में है। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और इन दिनों मप्र में हैं। उनकी यात्रा गुजरात पहुंची थी और बीच में वे प्रचार करने भी गए। लेकिन ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने वहां मैदान छोड़ दिया है। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी गुजरात में पूरा जोर लगा रही है। अरविंद केजरीवाल रैलियां कर हैं, भविष्य के सपने दिखा रहे हैं। सूरत समेत अन्य क्षेत्रों में आप का जनाधार बढ़ रहा है। ऐसे में संभावना यही है कि आप कांग्रेस के छोड़े गए स्थान को भर सकती है। लेकिन दोनों पार्टियां सत्ता में आ सकें, ऐसी सूरत दिख नहीं रही है। संभावना यही है कि भाजपा फिर से बाजी मार सकती है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments