Homeजबलपुरबहुत नाइंसाफी है...! जूनियर कर रहे सीनियर का काम

बहुत नाइंसाफी है…! जूनियर कर रहे सीनियर का काम

  • मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संगठन का दर्द, अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जा रहा

जबलपुर। बहुत नाइंसाफी है। जूनियर कर्मचारी सीनियर का काम कर रहे हैं और उनका अत्यधिक शोषण भी हो रहा है। शासन के अधिकांश विभागों में नवीन नियुक्तियां नहीं होने के कारण और ज्यादातर लोकसेवकों के सेवानिवृत हो जाने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों के अधिकांश पद रिक्त पड़े हैं। विभागों में कनिष्ठ अधिकारीयों और कर्मचारियों से वरिष्ठ अधिकारीयों और वरिष्ठ कर्मचारियों के पदों का काम लिया जा रहा है लेकिन इन्हें इस अतिरिक्त कार्य हेतु किसी भी प्रकार का अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके लिए किसी भी प्रकार का वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है, जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान किया जायेगा। यह कहना है मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संगठन के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह ठाकुर का।
10 से 12 घंटे लगातार काम करना पड़ रहा
जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह ठाकुर ने बताया कि कर्मचारियों से एक पद के स्थान पर दो यहां तक कि तीन पदों के स्थान का कार्य करवाया जा रहा है। उपयंत्री, कृषि विस्तार अधिकारी, कोषालय अधिकारी, आईटीआई प्राचार्य, वन कर्मी, वन मंडल अधिकारी, सहायक थाना प्रभारी, सहायक शिक्षक, अनुविभागीय अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य कर्मी, जिला शिक्षा अधिकारी, नायब तहसीलदार, आर आई, पटवारी, अधीक्षण यंत्री, मुख्य अभियंता, सहायक ग्रेड -2, मानचित्रकार, चपरासी और कार्यभारित स्थापना के कर्मचारियों से भी उनके मूल पद के अतिरिक्त अन्य पदों का कार्य लिया जा रहा है। इन कर्मचारियों क़ो 8 घंटे के स्थान पर 10 से 12 घंटे लगातार कार्य करना पड़ रहा है लेकिन वेतन एक ही पद का दिया जा रहा है।अन्य किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ये उनके साथ बहुत नाइंसाफी है। वे अत्यधिक शोषण का शिकार हो रहे हैँ।
जल्द भुगतान करने की मांग
दिलीप सिंह ठाकुर, पुष्पा रघुवंशी, चंदा सोनी, अफ़रोज़ खान, धर्मेंद्र परिहार,जीआर झारिया, चंद्रभान साहू, भास्कर गुप्ता, ऋषि पाठक, अजब सिंह, विश्वनाथ सिंह, सुल्तान सिंह आशा सिसोदिया, सरोज कोल, ममता मिश्रा आदि ने अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments