Homeताजा ख़बरमध्यप्रदेश को दुनिया का सबसे अच्छा राज्य बनाने का मेरा संकल्प है

मध्यप्रदेश को दुनिया का सबसे अच्छा राज्य बनाने का मेरा संकल्प है

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उद्यान विस्तार अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए

भोपाल। मध्यप्रदेश को दुनिया का सबसे अच्छा राज्य बनाने का मेरा संकल्प है। इसके लिए हम प्रदेश में निवेश ला रहे हैं, स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर रहे हैं। एमएसएमई इकाइयां खोलने के साथ सेल्फ हेल्प ग्रुप को बढ़ावा देने सहित अनेक प्रयास कर रहे हैं। यह कहना है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का। उन्होंने समत्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में उद्यान विस्तार अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
7वीं बार कृषि कर्मण पुरस्कार जीता
शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से प्रगति और विकास कर रहा है। प्रदेश की विकास दर 16 प्रतिशत से अधिक है। प्रति व्यक्ति आमदनी भी जब मैं पहली बार मुख्यमंत्री बना था, तो 13 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर सालाना 1 लाख 40 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में नए आयाम रच रहा है। हमने 7वीं बार कृषि कर्मण पुरस्कार जीता। कृषि के विविधीकरण के अनेकों प्रयास हमने किए हैं। फूलों, फलों, सब्जियों, औषधियों की खेती और कृषि वानिकी के साथ-साथ पशुपालन, मछली पालन की दिशा में भी हम प्रयास कर रहे हैं।
फसल चक्र बदलकर उत्पादन के साथ आमदनी भी बढ़ा सकते हैं
सीएम ने कहा कि लोगों की आमदनी बढ़ाने में कृषि का भी बहुत बड़ा योगदान है। इसके लिए परंपरागत खेती के साथ-साथ फलों, फूलों, सब्जियों की खेती भी आवश्यक है। फसल चक्र बदलकर हम उत्पादन के साथ आमदनी भी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपसे यही आग्रह करता हूं कि आप अपने कर्तव्य का निर्वहन ऐसे करना कि आपके माता-पिता को आप पर गर्व हो। मेरी शुभकामनाएं और आशीर्वाद आप सभी के साथ हैं। इस अवसर पर भारत सिंह कुशवाह भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments