Homeताजा ख़बरINDORE : जिसे शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया था, वह भगवा में रंग...

INDORE : जिसे शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया था, वह भगवा में रंग गया

  • कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमीनुल खान सूरी ने शेयर किया वीडियो
  • भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ दिखे अरविंद बागड़ी

इंदौर। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अक्सर फूल छाप कांग्रेसी होने का तंज अपने नेताओं पर कसते रहे हैं। उनका आशय ऐसे नेताओं से है, जो हैं तो कांग्रेस में, लेकिन जुगलबंदी भाजपा नेताओं के साथ करते हैं। अब ऐसा ही इंदौर में हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमीनुल खान सूरी ने बुधवार को एक वीडियो शेयर किया है। सूरी ने बताया कि यह वीडियो 2 दिन पहले एक भजन संध्या आयोजन का है, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल अरविंद बागड़ी भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके हाथ में भगवा ध्वज भी लहरा रहा है। डॉक्टर अमीनुल खान सूरी ने ट्विटर पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि इस तरह से कांग्रेस का कैसे भला होगा?
जुगलबंदी को लेकर पहले भी हाईकमान को आगाह किया था
अमीनुल खान सूरी ने कहा कि जिस जुगलबंदी को लेकर हमने पहले भी हाईकमान को आगाह किया था। बागड़ी की वह जुगलबंदी अब भी दिख रही है। हम इसी वजह से अरविंद बागड़ी को शहर अध्यक्ष बनाने के विरोध में थे, क्योंकि उनकी जुगलबंदी भाजपा के साथ अधिक है। सूरी ने दिग्विजय सिंह, कमलनाथ सहित आलाकमान को इस वीडियो की जानकारी खुद साझा की है। सूरी ने कहा है कि यदि इस प्रकार के शहर अध्यक्ष होंगे तो आने वाले समय में कांग्रेस की क्या दशा हो सकती है।
बागड़ी को बनाया था शहर कांग्रेस अध्यक्ष, विरोध के चलते होल्ड कर दिया
बताते चलें कि कांग्रेस जिले पदाधिकारियों की जो सूची निकली थी, उसमें बागड़ी को इंदौर शहर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन विरोध के चलते सूची में संशोधन कर दिया गया था और बागड़ी को होल्ड कर दिया गया था। अभी तक यह पद होल्ड पर है। देखना होगा इस वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस में किस तरह की रस्साकशी देखने को मिलती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments