Homeताजा ख़बरछत्तीसगढ़ में अधिवेशन से जुड़े कारोबारी के घर ED का छापा, भड़के...

छत्तीसगढ़ में अधिवेशन से जुड़े कारोबारी के घर ED का छापा, भड़के CM भूपेश बघेल

सीएम ने कहा-भाजपा हदें पार कर रही है, इनकी सद्बुद्धि की प्रार्थना करूंगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन तो हो गया, लेकिन राजनीति अब भी जारी है। ईडी ने कांग्रेस अधिवेशन का काम संभाल रहे कारोबारी के घर छापा मारा तो कांग्रेस भड़क गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने सारी हदें पार कर दी हैं। मैंने भाजपा वालों की सद्बुद्धि के लिए मुंबई में भगवान सिद्धि विनायक से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हमारे पदाधिकारी और विभागों में छापे मारे गए। कोयला स्कैम कहते हैं तो लेबर डिपार्टमेंट से क्या लेना देना, लेकिन वहां भी गए। अब ईडी ने अधिवेशन का काम संभाल रहे एक कारोबारी के घर भी छापा मारा है। वहां 5 घंटे तक रहे। जो लोग छापा मारने गए थे, उनसे आई कार्ड मांगे गए, लेकिन उन्होंने दिखाया तक नहीं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के सफल अधिवेशन के बाद मुंबई पहुंचकर सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन किए और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही।
हम न डरे हैं और न ही डरेंगे…
मुख्यमंत्री ने कहा कि खीझ और राजनीतिक दुर्भावना में भाजपा हदें पार कर रही है। ईडी को लगा दिया, कई विधायकों पर छापे मारे लेकिन कांग्रेस का महाधिवेशन किसी भी तरह नहीं रोक पाए। तानाशाही का चेहरा बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि हम न डरे हैं और न ही डरेंगे। सफल अधिवेशन के लिए मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाधिवेशन आयोजन की ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी है। इस बधाई के बराबरी के हकदार मंत्रिमंडल के मेरे साथी, विधायक-सांसद और सभी कार्यकर्ता भी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments