Homeजबलपुरमहाकौशल व विंध्य क्षेत्र के लिए सुलभ है डुमना विमानतल, वायुमार्ग में...

महाकौशल व विंध्य क्षेत्र के लिए सुलभ है डुमना विमानतल, वायुमार्ग में बढ़ाई जाए विमान सेवा

जबलपुर चेम्बर ने की मांग, स्पाइसजेट की सेवाओं के अचानक स्थगित करने को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
जबलपुर। 2 मार्च 2023 से 17 मार्च 2023 तक जबलपुर वायुमार्ग में एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट ने अपनी सेवाओं को अचानक स्थगित कर दिया। यह बेहद दुर्भाग्यजनक है। इस कृत्य से यात्रियों में बेहद रोष व्याप्त है। जबलपुर हर दृष्टि से मध्य भारत का एक महत्वपूर्ण शहर है जहां से सम्पूर्ण भारत के लिए अनेकों फ्लाईट होना चाहिए। जबलपुर चेम्बर के अध्यक्ष प्रेम दुबे ने कहा कि जबलपुर वायुमार्ग पर अन्य एयरलाइन कंपनियों की वायुसेवा आरंभ करने त्वरित प्रयास किए जाएं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित जबलपुर का डुमना विमानतल एक महत्वपूर्ण केंद्र के तौर पर उभर रहा है। यहां के विमानतल के उन्नयन का कार्य भी तीव्र गति से हो रहा है। जबलपुर का डुमना विमानतल सम्पूर्ण महाकौशल एवं विंध्य क्षेत्र के नागरिकों के लिए सबसे सुलभ है और बहुत बड़ी संख्या में यहां से यात्री अन्य शहरों के लिए यात्रा करते हैं।
एयरलाइन कंपनियां मनचाहा किराया बढ़ा रहीं
फेडरेशन ऑफ म. प्र. चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने बताया कि अगस्त 2022 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा यात्री किराए पर से कैपिंग अलग की गई थी, जिसका चेम्बर ने तीखा विरोध किया था। कैपिंग अलग करने से एयरलाइन कंपनियां मनचाहा किराया बढ़ा रही हैं। जबलपुर वायुमार्ग से स्पाइसजेट की सुविधा स्थगित होने के पश्चात् दूसरी एयरलाइन कंपनियों ने अपने यात्री किराए में बेतहाशा वृद्धि की है। यात्री इससे खुद को शोषित एवं ठगा महसूस करते हैं।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र
हिमांशु खरे ने बताया कि यात्री किराए पर कैपिंग लागू करने, जबलपुर से देश के प्रमुख शहरों को वायुमार्ग से जोड़ने एवं नई एयरलाइन कंपनियों को इस मार्ग पर वायुसेवा संचालित करने हेतु एक पत्र केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखा गया है जिसमें यात्री किराए की उपरी सीमा को सकारात्मक तौर पर तय करने एवं कैपिंग को पुनः लागू करने की मांग चेम्बर द्वारा की गई है जिससे एयरलाइन कंपनियां यात्रियों का शोषण न कर सकें तथा अधिक से अधिक संख्या में नागरिक वायुसेवा का लाभ उठा सकें।
ट्वीटर पर वायुसेवा की स्थिति पर आंदोलन चलाया
उन्होंने बताया कि ट्वीटर पर जबलपुर की वायुसेवा की स्थिति पर एक वृहद आंदोलन चलाया गया है जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकगण अपना रोष व्यक्त कर रहे हैं। जबलपुर चेम्बर के पदाधिकारी अजय अग्रवाल, पंकज माहेश्वरी, बलदीप मैनी, नरिन्दर सिंह पांधे, अजय बख्तावर, दीपक जैन, शशिकांत पांडेय आदि ने उम्मीद जताई है कि जबलपुर वायुमार्ग से भारत के अनेकों शहरों से जुड़ेगा और अन्य एयरलाइन कंपनियां जबलपुर का रुख करेंगी। जबलपुर चेंबर ने कहा कि यदि उपरोक्त मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है तो आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments