कोविड के दो साल के संकट के कारण इस वर्ष उल्लास का माहौल
भोपाल। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर विघ्नहर्ता श्रीगणेश विराजे। शिवराज सिंह ने कहा कि कोविड के दो साल के संकट के कारण हम ठीक से उत्सव नहीं मना पाए थे। लेकिन इस वर्ष हर घर में उत्साह का वातावरण है, भगवान श्रीगणेश घर-घर विराजे हैं। सब पर कृपा की वर्षा कर रहे हैं। दुखहर्ता, सुखकर्ता, विघ्न विनाशक सिद्धिविनायक सब पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करते हैं। सब सुखी और निरोगी हों, सबका मंगल और कल्याण हो यही उनके चरणों में प्रार्थना है। हमारा देश और प्रदेश लगातार प्रगति करे। उन्होंन कहा कि अद्भुत आनंद का दिन है, गणेश चतुर्थी की सबको शुभकामनाएं! सिद्धि विनायक, विघ्नहर्ता, सबको सद्बुद्धि देने वाले, सब पर कृपा की वर्षा करने वाले गणपति भगवान आज सपरिवार लेकर आये हैं। अब गणेश जी घर में विराजित हैं और केवल एक घर में नहीं, घर-घर में विराजेंगे। कोविड के दो साल के भयानक संकट के बाद इस बार हम बिना किसी प्रतिबंध के गणेश उत्सव आनंद एवं उत्साह से मनायेंगे। सबको सद्बुद्धि देने, सब पर कृपा की वर्षा करने वाले भगवान श्री गणेश जी का आनंद से पूजन होगा। उनकी भक्ति में मैं भी रम रहा हूं, आप भी रम जायें।
वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मिट्टी से निर्मित प्रथम पूज्य गजानन अपने सिर पर रखकर लाए। उन्होंने कहा कि आज विघ्नहर्ता श्रीगणेश उनके घर पधारे हैं।