Homeमध्यप्रदेशकछपुरा में कांग्रेस विधायक को जनता ने घेरा, कैंट में कांग्रेस का...

कछपुरा में कांग्रेस विधायक को जनता ने घेरा, कैंट में कांग्रेस का मशाल जुलूस

जबलपुर। जब राजनीति, आरोप-प्रत्यारोप, विरोध और प्रदर्शन बढ़ जाए तो समझ लें कि चुनाव आ गए हैं। जबलपुर में भी नगरीय निकाय चुनाव के पहले राजनीतिक पारा बढ़ चुका है। मानसून आने के साथ ही राजनीति गर्म होना तय है। उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कछपुरा क्षेत्र में लोगों ने कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना के लापता होने के पोस्टर लगाए थे। इसके बाद विधायक महोदय अपना सम्मान कराने पहुंच गए, तो बवाल होना तय था। लोग सडक़ों पर बैठ गए और नेताजी का काफिला रोक दिया। नेताजी ने इसे गुंडागर्दी करार दिया और एक करोड़ के विकास कार्य करने का दंभ भरा। दूसरी ओर कैंट विधानसभा अंतर्गत गोकलपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में निर्मल चंद जैन वार्ड में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मशाल जुलूस निकाला गया। इसकी अगुवाई पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष चिंटू चौकसे ने की। जाहिर सी बात है कि वे भी चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। कैंट बोर्ड के साथ ही उनकी नजर अगले वर्ष होने वाले कैंट विधानसभा सीट पर भी है।
विरोध-प्रदर्शन पर कांग्रेस का अपना पक्ष
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू का कहना है कि कछपुरा में कराए गए विकास कार्यों से खुश क्षेत्र की जनता ने वहां विधायक विनय सक्सेना का सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया था। पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीयजनों के साथ विधायक विनय सक्सेना जब आयोजन स्थल की ओर जा रहे थे कि उससे पहले ही पुलिस अधिकारियों ने फोन पर सूचना दी कि रास्ते में भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के द्वारा उनके खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। लिहाजा कुछ देर के बाद भी आयोजन स्थल की ओर बढ़े ताकि किसी विवाद की स्थिति निर्मित ना हो आयोजन स्थल से कुछ पहले काफी देर इंतजार करने के बाद विधायक विनय सक्सेना जब आयोजन स्थल की ओर रवाना हुए तो भारतीय जनता युवा मोर्चा नेता द्वारा इक_ा किए गए लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी जिससे क्षेत्रीयजनों आयोजकों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, लेकिन कछपुरा के क्षेत्रीयजनों ओर महिलाओं ने रास्ता बनाकर विधायक विनय सक्सेना को आयोजन स्थल तक सुरक्षित पहुंचाया। जहां विधायक विनय सक्सेना का महिलाओं और क्षेत्रीय गणमान्यजनों ने गर्मजोश स्वागत किया और वापस सुरक्षित भी पहुंचाया। कछपुरा के क्षेत्रीयजनों और महिलाओं में भडक़े गुस्से को देखकर प्रदर्शनकारियों ने मौके से नदारद होना ही मुनासिब समझा।
सडक़ तो सडक़ है, बनवा दें विधायक जी
कांग्रेस का दावा है कि क्षेत्रीय जनों और महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र का एक भाजपा नेता सिर्फ अपने घर के सामने की सडक़ बनवाने का स्वार्थ रखता है। 15 वर्षों तक भाजपा के शासन में उनकी पार्टी के सांसद और विधायकों ने कभी कछपुरा क्षेत्र की सुध नहीं ली, लेकिन जब कछपुरा क्षेत्र में विकास कार्य विनय सक्सेना ने शुरू करवाए तो भारतीय जनता पार्टी के उक्त नेता में बौखलाहट आ गई। लेकिन सवाल यह है कि अगर सडक़ चलने लायक नहीं है, तो उसे विधायक को बनवा देना चाहिए, फिर भले ही वह भाजपा नेता के घर के सामने से ही क्यों न जाती हो।
ईंट का जवाब पत्थर से देगी कांग्रेस
विधायक विनय सक्सेना ने बताया कि इस असामाजिक गतिविधि को देखते हुए उन्होंने भी चेतावनी दी है कि यदि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गण जनप्रतिनिधियों के सम्मान में ऐसा ही बर्ताव चाहते हैं तो जल्द ही शहर आने वाले भारतीय जनता पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ भी इसी तरह प्रदर्शन कर जवाब पेश किया जाएगा।
मशाल जुलूस या चुनावी तैयारी
कैंट विधानसभा अंतर्गत पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे एवं एनएसयूआई के कैंट विधानसभा अध्यक्ष अनुज यादव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोहनलाल कटारे के नेतृत्व में निर्मल चंद जैन वार्ड में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर मशाल जुलूस निकाला गया। पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे ने बताया कि निर्मल चंद जैन वार्ड में बिजली के बिलों की बहुत समस्या है लगातार बिजली के बिल बढ़ते हुए आ रहे हैं और कई क्षेत्रों में लाइट सुबह शाम रहती ही नहीं। कई जगह जल संकट है, नई पाइप लाइन अभी तक नहीं लगाई गई है कंचनपुर क्षेत्र में वर्षा ऋतु में जल पावन की ओर स्थिति निर्मित हो जाती अभी तक ना ही वहां पर नालों की सफाई की गई है। चौधरी मोहल्ला और भट्टा मोहल्ला में साफ सफाई सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। जल्द से जल्द निर्मल चंद जैन वार्ड में क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो और उग्र आंदोलन होगा। बहरहाल राजनीति का तकाजा है कि जनप्रतिनिधि अपने किए गए कामों को गिनाना से बचते हैं। इससे बेहतर है दूसरों पर कीचड़ उछाल दो। इनमें से कई क्षेत्र ऐसे होंगे, जो कांग्रेस पार्षदों के क्षेत्र में आते होंगे, लेकिन नेता अपनी उपलब्धि बताने की बजाय, भाजपा पर दोष मढ़ रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments