Homeताजा ख़बरछत्तीसगढ़ में जमकर गरजे कांग्रेस नेता, निशाने पर मोदी और भाजपा

छत्तीसगढ़ में जमकर गरजे कांग्रेस नेता, निशाने पर मोदी और भाजपा

  • राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया संबोधित
  • कहा-भाजपा और मोदी सरकार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को रोकने की कोशिश की

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है। अधिवेशन के दूसरे दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया। उनके निशाने पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं पर ईडी के छापे मारे गए, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी ने डटकर मुकाबला किया। अधिवेशन को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आज सफल अधिवेशन हो रहा है। इसके लिए भूपेश बघेल और पूरी पार्टी बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि हमें इसी तरह लड़ने की जरूरत है।
एक तरफ जोड़ने की और दूसरी तरफ तोड़ने की संस्कृति
खड़गे ने कहा कि देश में एक तरफ तोड़ने की संस्कृति की चल रही है तो दूसरी तरफ जोड़ने की संस्कृति चल रही है। देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन राहुल गांधी ने नफरत के खिलाफ प्यार की जो भारत जोड़ो यात्रा की, वह एक नई रोशनी है।
भारत जोड़ो यात्रा ने भारत को एक किया
खड़गे ने राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने तमाम विपरीत और चुनौतियों के बीच एक सफल यात्रा की और देशवासियों की तकलीफों को महसूस किया और उसे करीब से देखा। खड़गे ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी उत्साह और ऊर्जा से भर चुका है। इस यात्रा ने भारत को एक किया है। मैं इसके लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देता हूँ।
देश की कमर टूटी, गरीब हो गए लोग
खड़गे ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी, कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन, जीएसटी, महंगाई ने देश की कमर तोड़ दी है। उन्होंने दवाव किया कि देश में 12 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं। 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए। लेकिन मोदी सरकार के मित्र लगातार ऊपर जाते रहे और धनवान बनते रहे। उन्हें देश की तमाम चीजें बेची जा रही हैं। खड़गे ने कहा कि धरती से आकाश तक बेचने का काम चल रहा है। देश में सैकडों गरीब-मजदूर प्रतिदिन आत्महत्या कर रहे हैं। खड़गे ने कहा कि इस सरकार को अब चेतावनी देनी चाहिए। उन्होंने खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि ये कांग्रेस में ही संभव है कि जो कभी ब्लॉक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष था, वो आज राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गया। इसके लिए सोनिया गांधी और कांग्रेस के सभी साथियों का आभार जताता हूँ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments