Homeताजा ख़बरअहिंसा रन के लिए CM को बुलाया, महावीर जयंती पर अवकाश घोषित...

अहिंसा रन के लिए CM को बुलाया, महावीर जयंती पर अवकाश घोषित करने की मांग

  • 2 अप्रैल जबलपुर समेत देश के 65 महानगरों में एक साथ अहिंसा रन का आयोजन होगा
  • गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगी अहिंसा रन

जबलपुर। जबलपुर सहित देश के 65 महानगरों में एक साथ आगामी 2 अप्रैल को अहिंसा रन का आयोजन किया जा रहा है। अहिंसा रन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इस ऐतिहासिक रन में शामिल होने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जबलपुर आमंत्रित किया गया है। साथ ही महावीर जयंती के पर्व पर 3 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश की मांग भी सीएम से की गई है।
ट्रांजिट विजिट पर शनिवार को डुमना विमानतल पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अहिंसा रन में सहभागी बनने जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन की ओर से आमंत्रण पत्र सौंपा गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने अहिंसा रन के पोस्टर का विमोचन भी मुख्यमंत्री से कराया। जोनल चेयरमैन सुबोध जैन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अहिंसा रन में सभी धर्म, आयु वर्ग के अहिंसा प्रेमी भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भी इच्छा जताई
अहिंसा रन की विषयवस्तु को संजीव चौधरी ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि अहिंसा में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति 2 अप्रैल को प्रातः 6 बजे इस अहिंसा दौड़ में शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने भी अहिंसा रन में आने के लिए इच्छा व्यक्त की। भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, विधायक अशोक रोहाणी, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, आशीष दुबे अहिंसा रन पोस्टर के विमोचन में शामिल हुये। जबलपुर चैप्टर के अध्यक्ष राजेश जैन जैनु, सचिव राहुल बड़कुल, शैलेश जैन, मनीष कौशल, मयंक सिंघई, अंकित जैन आदि भी उपस्थित थे।
सीएम बोले-भोपाल पहुंचकर अवकाश की संशोधित सूचना प्रकाशित करवाएंगे
जबलपुर महावीर जयंती का पर्व 3 अप्रैल को मनाया जाना है लेकिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा 4 अप्रैल को की गई है। मुख्यमंत्री शिव राज सिंह चौहान के जबलपुर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन ने मुख्यमंत्री से मध्यप्रदेश में भी सार्वजनिक अवकाश 3 अप्रैल को घोषित करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बताया कि जैन धर्मावलंबी महावीर जयंती के पर्व को अत्यधिक उल्लास और उमंग के साथ मनाते हैं। प्रातः से ही प्रभात फेरी एवं जुलूस का आयोजन किया जाता है। अतः इस पर्व के लिए 3 अप्रैल को ही सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए कहा कि वे भोपाल पहुंचकर इस विषय पर तुरंत ही संशोधित सूचना प्रकाशित करवाएंगे, ताकि मध्य प्रदेश में 3 अप्रैल को ही अवकाश घोषित किया जाएगा। इस अवसर पर सुबोध जैन, राहुल बड़कुल ,शैलेश जैन ,संजीव चौधरी, मनीष कौशल, मयंक सिंघई, अंकित जैन आदि भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments