Homeताजा ख़बरआ गए चीते, शिवराज ने किया स्वागत, बाड़े से निकलकर ही सरपट...

आ गए चीते, शिवराज ने किया स्वागत, बाड़े से निकलकर ही सरपट भागे

  • दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क पहुंचे
  • मुख्यमंत्री ने कहा-कूनो में पर्यटकों की सुविधा के लिए हम इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहे

श्योपुर। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते शनिवार को मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क पहुंच गए हैं। पिछली बार आए 8 चीतों का स्वागत खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लेकिन इस बसर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में इन चीतों को बाड़े में रिलीज किया गया। जैसे ही चीते बाड़े में पहुंचे तेजी से भागने लगे। थोड़ी दूर जाने के बाद कुछ पल के लिए रुके, फिर रेस भरने लगे। बाड़े से अनजान चीते इधर-उधर देखते नजर आए।
कूनो में अब चीतों की कुल संख्या 20 हुई
कूनो आए इन 12 चीतों में 7 नर और 5 मादा हैं। कूनो में अब चीतों की कुल संख्या 20 हो गई है। इनमें 10 नर और 10 मादा हैं। इससे पहले पिछले साल सितंबर में 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे। इनमें 5 मादा व 3 नर थे। चीतों को लेकर दक्षिण अफ्रीका से निकला विशेष विमान शनिवार सुबह ग्वालियर एयरबेस पहुंचा। यहां से इन्हें सेना के 4 हेलिकॉप्टर के जरिए कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया गया। चीतों को रिलीज करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कूनो में पर्यटकों की सुविधा के लिए हम इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहे हैं। यहां रहने सहित तमाम व्यवस्था जुटा रहे हैं, जैसे ही हमें अनुमति मिलेगी, तभी आगे की कार्रवाई होगी। सरकार ने चीता प्रोजेक्ट बनाया है। हम उसके तहत सभी व्यवस्थाएं बना रहे हैं।
10 क्वारंटाइन बाड़े तैयार किए गए
बताया गया कि क्वारंटाइन बाड़े में 12 चीतों को रखने के लिए 10 क्वारंटाइन बाड़े तैयार किए गए हैं। इनमें 8 नए और 2 पुराने हैं। इसके अलावा, दो आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किए गए हैं। सभी क्वारंटाइन बोमा (बाड़े) में छाया के लिए शेड बनाए गए हैं। चीतों के लिए पानी की व्यवस्था भी की गई है। हेलिकॉप्टर से उतारने के बाद सभी 12 चीतों को उन्हें क्वारंटाइन बोमा में लाया गया। हेलीपैड से क्वारंटाइन बोमा की दूरी लगभग एक किमी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments