Homeताजा ख़बरगुजरात और UP के फॉर्मूले को MP में आजमाएगी BJP, अबकी बार...

गुजरात और UP के फॉर्मूले को MP में आजमाएगी BJP, अबकी बार 200 पार का नारा

  • 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य, बुलडोजर मामा के नारे का उद्देश्य सख्त प्रशासक की छवि दिखाना

भोपाल। मप्र में विधानसभा चुनाव के लिए सालभर से कम का समय बचा है। ऐसे में मप्र की शिवराज सरकार और संगठन ने दो राज्यों के जीत के फार्मूले को आगे बढ़ाने की रणनीति बना ली है। गुजरात में मिली प्रचंड जीत से मप्र में यह फार्मूल तय हुआ है कि 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर हासिल किया जाए। साथ ही नए चेहरों को मौका मिले और सरकार की उपलब्धियों का ऐसा बखान हो कि बैतरणी पार हो जाए। वहीं प्रदेश के मुखिया उप्र के योगी आदित्यनाथ के फार्मूले पर चल रहे हैं। पिछले दिनों चले बुलडोजर और बुलडोजर मामा का नारा इसी की अहम कड़ी है। यानि कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सख्त प्रशासक की छवि बनाना चाहते हैं। इससे लोगों को लगेगा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था सही हाथों में है। गुजरात और उप्र के इसी फार्मूले के बल पर भाजपा अपनी सत्ता बचाए रखने का भरपूर प्रयास करेगी।
प्रदेश कार्यकारिणी में यह बोले नेता
कटनी में भारतीय जनता पार्टी विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी बैठक के उद्घाटन सत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार बनी है। किसी भी राज्य में इतनी बड़ी प्रचंड जीत पहले कभी नही मिली। हमें गुजरात चुनाव में 53 प्रतिशत वोट शेयर मिला है, मध्यप्रदेश में भी हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 2023 चुनाव की दृष्टि से हम 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर का संकल्प पूरा करते हुये गुजरात की जीत को मध्यप्रदेश में भी दोहराएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह बैठक 2023 का शंखनाद है। यहां से हम ‘‘अबकी बार 200 पार‘‘ का संकल्प लेकर राजनीतिक इतिहास बनाएंगे।
गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने 37 में से 35 सीटों पर विजय हासिल की
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के संगठन को आर्दश संगठन के रूप मे जाना जाता है, यही कारण है कि गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश संगठन को 37 सीटों की जबावदारी मिली। प्रदेश के 90 कार्यकर्ताओं की टीम ने इस सीटों पर चुनाव की कमान संभालते हुए 35 सीटों पर जीत हासिल की। चुनाव में लगे कार्यकर्ताओं की मेहनत ने प्रदेश संगठन का मान बढ़ाया है। सभी कार्यकर्ता बधाई के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी तकनीक और संसाधनों से युक्त उत्कृष्ठ संगठन बन चुका है। हम सब मिलकर कुशाभाऊ ठाकरे के विचार के अनुरूप संगठन को मजबूत बनाने में लगे है।
हमारा संगठन तंत्र मजबूत
वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति के गठन के साथ ही हर बूथ के डिजिटलाइजेशन और सशक्तिकरण के चलते हमारा संगठन तंत्र मज़बूत है। प्रत्येक मंडल में अधिक से अधिक यूथ कनेक्ट को ध्यान में रखते हुए युवा मोर्चा ने खिलता कमल अभियान शुरू किया है तो वहीं महिला मोर्चा स्व-सहायता समूह की महिलाओं व प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मियों से संपर्क अभियान चला रहा है। प्रदेश में गौरव यात्राएं निकालकर जनजातीय वर्ग को पेसा एक्ट के प्रति जन-जनजागरुकता अभियान भी संचालित हुआ है।
मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। मध्यप्रदेश की पहचान आज देशभर में आदर्श राज्य के रूप में है। सरकार, संगठन, कार्यकर्ता और जनता की दृष्टिसे हमारे प्रदेश की पहचान अन्य राज्यों से अलग है। मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय के साथ काम करती है। हमें इसी विशिष्ट पहचान को बनाए रखना है। श्री राव ने कहा कि हम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। हमारे प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन विस्तार में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह भूमिका और अधिक बढऩे वाली है। क्योंकि हमारे सामने 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर को बढ़ाने और 200 पार विधानसभा सीट जीतने का असाधारण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए बूथ कार्य विस्तार योजना भी प्रारंभ होने वाली है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में जो अनुकूल परिस्थितियां हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही पूर्ण करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments